केरल में भारी बारिश, 11 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी

Ads

केरल में भारी बारिश, 11 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी

  •  
  • Publish Date - May 26, 2021 / 11:51 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:53 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 26 मई (भाषा) केरल में बुधवार को कई स्थानों पर भीषण बारिश तथा समुद्र में लहरे उठने की खबरें मिली हैं और इसके साथ ही अधिकारियों ने अलर्ट जारी कर जलाशयों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया है।

मलप्पुरम, वायनाड और कासरगोड के उत्तरी जिलों को छोड़कर बाकी 11 जिलों के कई क्षेत्रों में कल रात से ही तेज हवाएं चलने के साथ ही भीषण बारिश हो रही है, जिसके चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यहां ‘येलो अलर्ट’ घोषित कर दिया है।

आईएमडी की अद्यतन रिपोर्ट के अनुसार, तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानमथिट्टा, अलप्पुझा, इडुक्की, एर्नाकुलम, कोट्टायम, त्रिशूर, पलक्कड़, कोझीकोड, कन्नूर और लक्षद्वीप में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

‘येलो अलर्ट’ के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान जताया जाता है।

भारी बारिश के कारण इडुक्की में कल्लार्कुट्टी बांध और अरूविक्कारा बांध को खोल दिया गया है।

अधिकारियों ने पथानामथिट्टा जिले में विभिन्न जल निकायों के किनारे रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है क्योंकि जल स्तर लगातार बढ़ रहा है।

तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और एर्नाकुलम सहित कई जिलों में समुद्र में लहरे उठने की भी खबर है। राज्य के कई हिस्सों पेड़ों के उखड़ने और निचले इलाकों में पानी भरने की भी खबर है।

भाषा निहारिका पवनेश

पवनेश