हिजाब विवाद: केरल के शिक्षा मंत्री ने लड़की को किसी अन्य स्कूल में दाखिले में मदद की पेशकश की
हिजाब विवाद: केरल के शिक्षा मंत्री ने लड़की को किसी अन्य स्कूल में दाखिले में मदद की पेशकश की
तिरुवनंतपुरम, 18 अक्टूबर (भाषा) केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने शनिवार को कहा कि सरकार उस मुस्लिम छात्रा को उसकी पसंद के किसी भी अन्य संस्थान में दाखिला दिलाने में मदद करने के लिए तैयार है जिसे कोच्चि में एक गिरजाघर द्वारा संचालित निजी स्कूल में हिजाब पहनने से रोक दिया गया था।
मंत्री ने यहां संवाददाताओं को बताया कि अगर छात्रा अन्य स्कूल में दाखिले के लिए सरकार से संपर्क करती है, तो एक विशेष आदेश जारी किया जाएगा।
मंत्री का यह बयान छात्रा के पिता द्वारा अपनी बेटी को किसी अन्य संस्थान में दाखिला दिलाने की इच्छा जताने के एक दिन बाद आया है।
शिवनकुट्टी ने कहा, ‘‘अगर छात्रा इच्छुक है और वह सरकार से संपर्क करती है, तो हम एक विशेष आदेश के माध्यम से उसे किसी भी अन्य स्कूल में दाखिला दिलाने के लिए कदम उठाएंगे।’’
शिवनकुट्टी ने यह भी कहा कि इन मुद्दों ने छात्रा को बहुत पीड़ा पहुंचाई है और सेंट रीटा स्कूल प्रबंधन उसको हुए किसी भी मानसिक तनाव के लिए जिम्मेदार है।
आठवीं कक्षा की छात्रा के पिता ने शुक्रवार को कहा था कि उसे वापस स्कूल नहीं भेजा जाएगा।
भाषा शफीक शोभना
शोभना

Facebook


