हिमाचल : प्रशासन ने कांगड़ा के दूर-दराज इलाके ‘बड़ा भंगाल’ से एक चरवाहे को बचाया
हिमाचल : प्रशासन ने कांगड़ा के दूर-दराज इलाके 'बड़ा भंगाल' से एक चरवाहे को बचाया
शिमला, 20 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के दुर्गम बड़ा भंगाल क्षेत्र में एक चरवाहे को बचाने के लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों ने बेहद कठिन परिस्थितियों में संयुक्त बचाव अभियान चलाया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चरवाहा निरजल कुमार बड़ा भंगाल के एक निर्धारित चारागाह में अपने पशुओं को चरा रहा था, तभी उसे अचानक लकवे जैसी गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो गई, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथ और भरमौर प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं होने पर भरमौर प्रशासन ने 13-सदस्यीय जमीनी बचाव दल को रवाना किया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन और स्थानीय लोगों ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में संयुक्त अभियान चलाकर चरवाहे की जान बचाई।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत ग्रौंडा के स्थानीय निवासियों की सहायता से बचाव दल ने रेई धार के अत्यंत दुर्गम और पथरीले मार्ग को पार किया। दल ने स्ट्रेचर के सहारे मरीज को लगभग 18 किलोमीटर लंबे कठिन पहाड़ी रास्ते पर पैदल ले जाकर रविवार रात होली स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया।
इस चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद ग्राम पंचायत ग्रौंडा की प्रधान कविता देवी और पीड़ित के पुत्र निखिल कुमार ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


