हिमाचल सरकार ने कांस्टेबल बनने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए मुफ्त प्रशिक्षण, कोचिंग की घोषणा की

हिमाचल सरकार ने कांस्टेबल बनने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए मुफ्त प्रशिक्षण, कोचिंग की घोषणा की

हिमाचल सरकार ने कांस्टेबल बनने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए मुफ्त प्रशिक्षण, कोचिंग की घोषणा की
Modified Date: July 17, 2026 / 11:17 am IST
Published Date: July 17, 2026 11:17 am IST

शिमला, 17 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के तौर पर शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एक व्यापक नि:शुल्क प्रशिक्षण, शारीरिक प्रशिक्षण कोचिंग और मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है।

यह पहल राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और उन्हें भर्ती प्रक्रिया में सफल होने के लिए जरूरी कौशल एवं तैयारी से लैस करने के मकसद से शुरू की गई है।

यह फैसला हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) द्वारा नौ जुलाई को हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के 800 पदों पर भर्ती के लिए जारी किए गए विज्ञापन के बाद लिया गया है।

यहां जारी एक बयान के अनुसार, सुक्खू ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को निर्देश दिया है कि वे राज्य भर की सभी सशस्त्र पुलिस बटालियनों के सहयोग से व्यवस्थित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करें।

इस कार्यक्रम के तहत लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। साथ ही भर्ती प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, प्रेरक सत्र और अनुभवी पुलिस अधिकारियों व पेशेवर प्रशिक्षक से मार्गदर्शन भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को दिखाती है जिसके तहत हर काबिल उम्मीदवार को चाहे उसकी आर्थिक या भौगोलिक स्थिति कैसी भी हो, उसे प्रतिस्पर्धा का समान मौका मिले।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम खासकर ग्रामीण, सुदूरवर्ती और आदिवासी इलाकों के उम्मीदवारों के लिए बहुत फायदेमंद होगा, जहां अच्छी कोचिंग और प्रशिक्षण सुविधाओं तक अक्सर सीमित पहुंच होती है।

हिमाचल प्रदेश पुलिस जल्द प्रशिक्षण का कार्यक्रम, स्थान और पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी जारी करेगी।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव


लेखक के बारे में