शिमला, 18 फरवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के एक गांव में 48 वर्षीय व्यक्ति ने पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार की रात लोधल गांव में हुई।
पुलिस के मुताबिक, सरवन कुमार नामक व्यक्ति ने तीखी बहस के दौरान अपनी 45 वर्षीय पत्नी अंजू देवी पर धारदार हथियार से हमला किया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसने बताया कि इसके बाद कुमार ने घर के परिसर में एक पेड़ से फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
परिवार के एक सदस्य ने बुधवार को शवों को देखा और तुरंत पड़ोसियों और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किये।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है।
भाषा धीरज मनीषा
मनीषा