हिमाचल प्रदेश: दुर्घटना में फैक्टरी कर्मचारी की मौत, मजदूरों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया
हिमाचल प्रदेश: दुर्घटना में फैक्टरी कर्मचारी की मौत, मजदूरों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया
नाहन, 18 अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शनिवार को एक फैक्टरी में हुई दुर्घटना में 29 वर्षीय एक मजदूर की मौत से आक्रोश फैल गया। मजदूर सड़कों पर उतर आए और फैक्टरी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नाहन से लगभग 15 किलोमीटर दूर नाहन-पांवटा मार्ग पर स्थित शंभूवाला गांव में ‘सनवेट हेल्थ केयर कंपनी’ में लिफ्ट के तार कथित तौर पर टूट जाने से टीका राम की मौत हो गई।
आक्रोशित मजदूर नाहन-पांवटा मुख्य सड़क पर जमा हो गए और आरोप लगाया कि फैक्टरी प्रबंधन ने कई दिनों से कई शिकायतें मिलने के बावजूद खराब लिफ्ट की मरम्मत नहीं की और इसी लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई।
फैक्टरी प्रबंधन के आश्वासन और समझाने-बुझाने के बाद, मजदूर अंततः फैक्टरी परिसर में लौट आए।
शिकायतकर्ता हरीश ने दावा किया कि लिफ्ट काफी समय से ‘टिक-टिक’ की आवाज कर रही थी, जिससे संकेत मिल रहा था कि वह ठीक से काम नहीं कर रही।
उन्होंने बताया कि फैक्टरी प्रबंधन को लिफ्ट में समस्या की जानकारी दी गई थी, लेकिन उसने कोई कार्रवाई नहीं की बल्कि उसमें करीब 150 भारी पीवीसी के बंडल लादे गए।
हरीश ने बताया कि अत्यधिक भार के कारण, लिफ्ट का स्टील का तार कथित तौर पर टूट गया।
उन्होंने बताया कि घटना के वक्त टीका राम लिफ्ट के ठीक बाहर पीवीसी के बंडल लेने का काम कर रहा था।
हरीश ने बताया कि तार टूटने पर लिफ्ट के अंदर का सारा भार उन पर गिर गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और अंततः उसकी मौत हो गई।
सिरमौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) योगेश रोल्टा ने मीडिया को बताया कि फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही और जानबूझकर मानव जीवन को खतरे में डालने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) और 125 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया गया है।
अधिकारी ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया और पूरे फैक्टरी परिसर का गहन निरीक्षण किया।
भाषा जितेंद्र धीरज
धीरज

Facebook


