हिमाचल प्रदेश : भारी बारिश के बीच सिरमौर, सोलन में स्कूल बंद, मौसम विभाग की भूस्खलन की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश : भारी बारिश के बीच सिरमौर, सोलन में स्कूल बंद, मौसम विभाग की भूस्खलन की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश : भारी बारिश के बीच सिरमौर, सोलन में स्कूल बंद, मौसम विभाग की भूस्खलन की चेतावनी
Modified Date: July 10, 2026 / 01:29 pm IST
Published Date: July 10, 2026 1:29 pm IST

शिमला, 10 जुलाई (भाषा) लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के सिरमौर और सोलन जिलों में शुक्रवार को सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है और भूस्खलन, अचानक बाढ़, पेड़ों के उखड़ने और सड़कों के अवरुद्ध होने जैसी घटनाओं को लेकर चेतावनी दी है।

सिरमौर की उपायुक्त (डीसी) प्रियंका वर्मा और सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा द्वारा जारी अलग-अलग आदेश में कहा गया है, ‘‘लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर आवागमन बाधित हो रहा है, भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है और विशेष रूप से ग्रामीण एवं पहाड़ी इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे प्रतिकूल मौसम की स्थिति जिले भर में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों के जीवन और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकती है।’’

सिरमौर जिले के पांवटा उपमंडल में बृहस्पतिवार देर रात ही शिक्षण संस्थानों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया था। इसके बाद शुक्रवार तड़के नाहन, संगड़ाह, पच्छाद और राजगढ़ उपमंडलों के उपमंडलाधिकारियों (एसडीएम) ने भी अलग-अलग आदेश जारी कर दिए।

मौसम विभाग ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम से हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई है। सिरमौर ज़िले के पच्छाद में 207 मिमी बारिश हुई, इसके बाद नाहन में 158.5 मिमी, कसौली में 145 मिमी और धर्मपुर में 136.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

सोलन में मध्यम से भारी वर्षा हुई और 113 मिमी बारिश दर्ज की गई। पालमपुर में 109 मिमी, जोत में 83 मिमी, जुब्बरहट्टी में 72.9 मिमी, धौलाकुआं में 70 मिमी, पांवटा साहिब में 62.8 मिमी, कुफरी, भरवाईं और घाघस में 62.6 मिमी, शिलारू में 60.1 मिमी, शिमला में 58.8 मिमी, काहू में 56.8 मिमी और मशोबरा में 55 मिमी बारिश दर्ज की गयी।

मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर भूस्खलन, अचानक बाढ़ आने, पेड़ों के उखड़ने और सड़कों के अवरुद्ध होने जैसी घटनाएं हो सकती हैं, जिससे लोगों के जीवन और सार्वजनिक सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका है।

अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने और विशेष रूप से स्कूली बच्चों के बहुमूल्य जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनहित में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

आदेश में कहा गया है कि आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 की उपधारा (5) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सिरमौर के उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ने एहतियात के तौर पर 10 जुलाई को जिले के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

हालांकि, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहेंगे और उन्हें ड्यूटी से छूट नहीं दी गई है।

भारी बारिश के कारण सिरमौर जिले में कई सड़कें भी अवरुद्ध हो गई हैं।

बारिश की वजह से राज्य की राजधानी शिमला में भी जनजीवन प्रभावित हुआ और शिमला ज़िले में वाहनों की आवाजाही के लिए 27 सड़कें बंद कर दी गईं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने यह जानकारी दी।

शहर के विकासनगर क्षेत्र में एक इमारत के सामने बनी दीवार ढह गई। दीवार गिरने से सड़क किनारे खड़े दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि शिमला जिले के सुन्नी इलाके में अत्यधिक बारिश के कारण ब्रैंडली गांव में एक घर की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में पानी घुस गया, जहां से अब लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम चल रहा है।

भाषा

गोला मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में