हिप्र: मुख्यमंत्री सुक्खू के खिलाफ आरोपों को लेकर मंत्री और उनके बेटे के बीच वाकयुद्ध
हिप्र: मुख्यमंत्री सुक्खू के खिलाफ आरोपों को लेकर मंत्री और उनके बेटे के बीच वाकयुद्ध
शिमला, छह जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश में कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपने बेटे और पूर्व विधायक नीरज भारती की तीखी आलोचना को खारिज करते हुए शनिवार को कहा कि उन्हें ‘बेबुनियाद और निराधार’ आरोप लगाने के बजाय पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी शिकायतें रखनी चाहिए थीं।
हालांकि, भारती ने पलटवार करते हुए कहा कि उनके पिता की टिप्पणियों से यह स्पष्ट होता है कि उन्हें अपने समर्थकों की तुलना में अपने राजनीतिक करियर की अधिक चिंता है, जबकि उनके समर्थकों ने चुनाव के दौरान भाजपा के खिलाफ जमकर संघर्ष किया था।
कुमार ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारती के आरोपों ने पार्टी और सरकार दोनों की विश्वसनीयता को कमजोर किया है।
पिछले कुछ हफ्तों में भारती ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज को लेकर कई आरोप लगाए हैं।
शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद भारती ने राज्य में ठेकेदारों के भुगतान की प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि हर महीने नकदी से भरे पांच ब्रीफकेस एकत्र किए जाते हैं, जिनमें से दो स्थानीय स्तर पर रखे जाते हैं और तीन दिल्ली में नेताओं के पास भेजे जाते हैं।
भारती ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर आरोप लगाते हुए कहा,‘‘यह पता नहीं होता कि तबादला प्रक्रिया कब शुरू होती है और कब समाप्त होती है। इसके अलावा, जो ‘डीओ’ (अर्ध-शासकीय पत्रों) भेजे जाते हैं, उसका भी कोई अता-पता नहीं रहता।’’
इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमार ने कहा, ‘‘मामूली मुद्दों को मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष से बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता है लेकिन सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाकर हमला करना अनुशासनहीनता है। मैं इसे अस्वीकार करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के आरोप किसी का राजनीतिक कद बढ़ाने में मदद नहीं करते। इसके विपरीत, ये व्यक्ति को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मैं नीरज को सलाह देना चाहूंगा कि वह सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले ऐसे निराधार आरोप लगाने से बचें।’’
सोशल मीडिया पर जारी एक नए वीडियो में भारती ने अपने पिता की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘मंत्री बनने का कोई मतलब नहीं, जब चुनाव के दौरान दिन-रात आपके लिए मेहनत करने वाले और भाजपा से लड़ने वाले समर्थक और कार्यकर्ता अपना काम नहीं करवा पा रहे।”
उन्होंने कहा, ‘‘बहुत से लोगों ने मेरे कहने पर आपका समर्थन किया, फिर भी आपने उन्हें दरकिनार कर दिया।’’
भारती ने सुक्खू पर छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह के समर्थकों और शुभचिंतकों से हिसाब चुकाने का भी आरोप लगाया।
भाषा संतोष सिम्मी
सिम्मी

Facebook


