हिमाचल प्रदेश: स्कूल में मध्याह्न भोजन बनाने वाली महिला की छात्रों के सामने दिनदहाड़े हत्या

हिमाचल प्रदेश: स्कूल में मध्याह्न भोजन बनाने वाली महिला की छात्रों के सामने दिनदहाड़े हत्या

हिमाचल प्रदेश: स्कूल में मध्याह्न भोजन बनाने वाली महिला की छात्रों के सामने दिनदहाड़े हत्या
Modified Date: February 13, 2026 / 03:41 pm IST
Published Date: February 13, 2026 3:41 pm IST

शिमला, 13 फरवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में देहरा के चिनौर गांव में एक व्यक्ति ने एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय

में मध्याह्न भोजन बनाने वाली 58-वर्षीय एक महिला की छात्रों के सामने दिनदहाड़े कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार दोपहर हुई और आरोपी को घटना के कुछ घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया।

उसने बताया कि आरोपी ने स्कूल परिसर में घुसकर चिनौर निवासी सुलोचना देवी पर कथित तौर पर हंसिया से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि बच्चों की चीखें सुनकर शिक्षक कक्षाओं से बाहर आए तो उन्होंने आरोपी राकेश कुमार (48) को धारदार हथियार पकड़े हुए पाया, जबकि सुलोचना स्कूल की रसोई में खून से लथपथ पड़ी थी।

उसने बताया कि शिक्षकों ने कुमार को वहां से चले जाने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने उन्हें (शिक्षकों को) धमकाया। पुलिस के अनुसार, कुछ ही देर में पास के एक स्कूल के शिक्षक मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोपी पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिये, जिससे वह भागने पर मजबूर हो गया।

पुलिस ने बताया कि सुलोचना को तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की खबर फैलते ही कई अभिभावक स्कूल पहुंचे और बाहरी लोगों को स्कूल परिसर में प्रवेश करने से रोकने की मांग की।

इस बीच, पुलिस ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी सुलोचना के ही गांव का निवासी है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा सिम्मी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में