‘हिंदू ऐक्य वेदी’ के प्रमुख पर मुस्लिम-विरोधी पोस्ट के आरोप में मामला दर्ज

Ads

‘हिंदू ऐक्य वेदी’ के प्रमुख पर मुस्लिम-विरोधी पोस्ट के आरोप में मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 10:38 AM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 10:38 AM IST

कोच्चि, तीन जुलाई (भाषा) केरल में सक्रिय हिंदूवादी संगठन ‘हिंदू ऐक्य वेदी’ के अध्यक्ष आर. वी. बाबू पर मुस्लिम समुदाय और उसके नेताओं के खिलाफ कथित रूप से मानहानिकारक तथा सांप्रदायिक रूप से भड़काऊ टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह मामला पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के नेता अशरफ वाझक्कला की शिकायत के आधार पर बृहस्पतिवार को त्रिक्काकरा पुलिस थाने में दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि बाबू ने केरल सरकार के मादक पदार्थ रोधी अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था।

आरोप है कि इस पोस्ट में उन्होंने दावा किया था कि मुस्लिम समुदाय के लोग मादक पदार्थों की तस्करी और नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल हैं तथा राज्य में आतंकवादी तत्वों को बढ़ावा देने में मदद कर रहे हैं।

प्राथमिकी के अनुसार, बाबू ने मुस्लिम समुदाय और इस्लामी विद्वानों को निशाना बनाते हुए कई ऐसे बयान दिए, जिनका उद्देश्य मानहानि करना और सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाना था।

पुलिस ने बताया कि बाबू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और केरल पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें विभिन्न समुदायों के बीच दुश्मनी फैलाना, धार्मिक भावनाओं को आहत करना, झूठी जानकारी फैलाना जैसे आरोप शामिल हैं।

पुलिस ने कहा कि जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बाबू को नोटिस जारी कर पेश होने का निर्देश दिया जाएगा।

भाषा गोला शोभना

शोभना