हिंदुत्व ‘इन्फ्लुएंसर’ स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया
हिंदुत्व ‘इन्फ्लुएंसर’ स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया
नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने हिंदुत्व ‘इन्फ्लुएंसर’ स्वतंत्र भारद्वाज को शनिवार को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
भारद्वाज को जुलाई में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन के दौरान एक नाबालिग कार्यकर्ता के पिता पर हुए कथित हमले के सिलसिले में शुक्रवार को हिरासत में लिया गया था। इससे कुछ घंटे पहले ही कॉजपा ने कथित हमले को लेकर उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया था।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को भारद्वाज के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और आपराधिक धमकी से जुड़ी धाराएं जोड़ी थीं। भारद्वाज के खिलाफ यौन अपराधों से बाल संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
भारद्वाज के एक साक्षात्कार की वीडियो क्लिप प्रसारित हुई है, जिसमें दावा किया गया था कि 20 जुलाई के विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नाबालिग कार्यकर्ता के पिता का ‘‘सिर फोड़ दिया था’’।
वीडियो में भारद्वाज को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “…क्या आपको पता है कि इस अपराध में कौन सी धारा लगती है? धारा 307 । उसे 60 टांके लगे थे।’’
दिल्ली पुलिस ने इससे पहले कहा था कि पीड़ित को लगी चोटें ‘‘सामान्य’’ प्रकृति की थीं।
हालांकि, बाद में एक पॉडकास्ट में भारद्वाज ने दावा किया कि उन्होंने आत्मरक्षा में यह कदम उठाया था।
भाषा
देवेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


