गृह मंत्री को सदन में बयान देना होगा और प्रधानमंत्री को माफी मांगनी पड़ेगी: खरगे

गृह मंत्री को सदन में बयान देना होगा और प्रधानमंत्री को माफी मांगनी पड़ेगी: खरगे

गृह मंत्री को सदन में बयान देना होगा और प्रधानमंत्री को माफी मांगनी पड़ेगी: खरगे
Modified Date: July 27, 2026 / 08:00 pm IST
Published Date: July 27, 2026 8:00 pm IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बयान देना होगा तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को माफी मांगनी पड़ेगी।

खरगे ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन में शामिल युवाओं को धमकियां दी जा रही हैं और पश्चिम बंगाल तथा बिहार में कई युवाओं को जबरन हिरासत में लिया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार की कथित धमकियों से आज का युवा डरने वाला नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि विरोध-प्रदर्शन में भाग लेने वाले युवाओं को धमकियां मिल रही हैं और उनके सोशल मीडिया खातों तक की जांच-पड़ताल की जा रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पहले युवाओं पर लाठी-डंडों और पैलेट गन से हमला किया गया और अब विरोध-प्रदर्शन समाप्त होने के बाद उनके सोशल मीडिया खातों की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि यह ‘‘एक डरे हुए तानाशाह की निशानी’’ है।

खरगे ने कहा कि देश के युवा सरकार से सवाल पूछ रहे हैं कि शिक्षा क्षेत्र और पेपर लीक रोकने के लिए गठित डॉ. राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों का 766 दिन बाद भी क्या हुआ।

उन्होंने सवाल किया कि पेपर लीक रोकने के लिए कानून पारित किए जाने के 895 दिन बाद भी इतने पेपर लीक क्यों हुए?

उन्होंने कहा, ‘‘अमित शाह को बयान देना होगा, मोदी जी को माफी मांगनी पड़ेगी।’’

भाषा हक हक रंजन

रंजन


लेखक के बारे में