दिल्ली में होम्योपैथी को बढ़ावा दिया जाएगा : स्वास्थ्य मंत्री
दिल्ली में होम्योपैथी को बढ़ावा दिया जाएगा : स्वास्थ्य मंत्री
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को कहा कि दिल्ली सरकार होम्योपैथी सेवाओं को मजबूत करने और आयुष प्रणालियों को मुख्यधारा की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ एकीकृत करने के लिए काम कर रही है।
एक बयान के अनुसार, मंत्री ने यह टिप्पणी दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में ‘विश्व होम्योपैथी दिवस’ 2026 पर आयोजित संगोष्ठी में की।
‘एकीकृत चिकित्सा के युग में होम्योपैथी: परंपराओं को जोड़ना, स्वास्थ्य को बढ़ावा देना’ विषय पर आयोजित यह संगोष्ठी दिल्ली राज्य आयुष सोसायटी और आयुष निदेशालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की गई थी।
सिंह ने बयान में कहा, ‘होम्योपैथी में आज की स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों, विशेष रूप से तनाव प्रबंधन और दीर्घकालिक बीमारियों के समाधान की अपार क्षमता है। दिल्ली सरकार आयुष के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और इसे मुख्यधारा की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ प्रभावी ढंग से एकीकृत करने के लिए प्रतिबद्ध है।’
मंत्री ने कहा कि होम्योपैथी को इसके सुरक्षित, और दीर्घकालिक उपचार पद्धति के कारण लोगों के बीच अब तेजी से स्वीकार्यता मिल रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राजधानी दिल्ली में 120 से अधिक होम्योपैथिक डिस्पेंसरी संचालित हो रही हैं, जहां प्रतिवर्ष लगभग 19 लाख मरीजों को निःशुल्क परामर्श और दवाएं उपलब्ध करा रही हैं, जो इस पद्धति के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार नए पॉलीक्लिनिक खोलने, स्टाफ की कमी को दूर करने और विशेष रूप से उन क्षेत्रों में अपनी पहुंच का विस्तार करने की दिशा में तेजी से काम कर रही हैं, जहां स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत है।
सिंह ने ‘मानस स्वास्थ्य’ विज़न के अनुरूप ‘एकीकृत आयुष तनाव प्रबंधन सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रम’ की भी जानकारी दी, जिसका उद्देश्य आयुर्वेद, योग और होम्योपैथी के संयुक्त दृष्टिकोण के माध्यम से मनोदैहिक विकारों का समाधान करना है।
इस बीच एक अलग बयान में कहा गया है कि सिंह ने मौलाना आज़ाद इंस्टीट्यूट ऑफ़ डेंटल साइंसेज में अत्याधुनिक ‘कोन बीम कंप्यूटेड टोमोग्राफी’ (सीबीसीटी) मशीन का उद्घाटन किया।
मंत्री ने कहा कि सीबीसीटी तकनीक शुरू होने से दो बड़े फायदे होंगे। पहला, इसमें पारंपरिक सीटी स्कैन की तुलना में लगभग 10 गुना कम रेडिएशन होता है। दूसरा, इससे डॉक्टरों, खासकर सर्जन और दंत विशेषज्ञ को अधिक सटीक जांच और निदान करने में मदद मिलती है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


