रेल मंत्री जब बोलते हैं तो जुबान से शहद टपकता है: सपा सांसद

रेल मंत्री जब बोलते हैं तो जुबान से शहद टपकता है: सपा सांसद

रेल मंत्री जब बोलते हैं तो जुबान से शहद टपकता है: सपा सांसद
Modified Date: March 16, 2026 / 06:18 pm IST
Published Date: March 16, 2026 6:18 pm IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के एक सांसद ने लोकसभा में सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की सराहना करते हुए कहा कि ‘‘जब वह बोलते हैं तो उनकी जुबान से मधु टपकता है।’’

समाजवादी पार्टी (सपा) के दरोगा प्रसाद सरोज ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए रेल मंत्रालय से संबंधित अनुदान मांगों पर चर्चा में भाग लेते हुए अपने निर्वाचन क्षेत्र लालगंज को क्षेत्र के एक प्रस्तावित रेल मार्ग से जोड़ने की मांग करते हुए यह टिप्पणी की।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित गोरखपुर-प्रयागराज-आजमगढ़-वाराणसी रेल मार्ग को लालगंज से जोड़ने पर पूरे पूर्वांचल क्षेत्र के विकास को नयी गति मिलेगी।

सपा सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘कई बार आपने सर्वे कराया है। आप बड़े उदार हैं। बहुत अच्छे हैं। बहुत कोमल हैं। और आप बहुत मृदुभाषी भी हैं। मेरा मानना है कि जब आप बोलते हैं तो आपकी जुबान से मधु टपकता है।’’

इस पर, किसी सदस्य ने यह टिप्पणी की कि ‘‘यह (रेल मार्ग) मिल जाएगा आपको…।’’

वहीं, सपा सांसद ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रस्तावित रेल मार्ग में उनके निर्वाचन क्षेत्र को शामिल नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस प्रस्तावित रेल मार्ग में उनके क्षेत्र को जोड़े जाने पर ‘‘किसानों को अपनी कृषि उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए सस्ता और तेज साधन मिलेगा, युवाओं और छात्रों को शिक्षा के प्रमुख केंद्र प्रयागराज एवं वाराणसी तक पहुंचने में सुविधा होगी।’’

सपा सांसद ने कहा कि इससे व्यापार, छोटे उद्योग और स्थानीय बाजारों को नयी ऊर्जा मिलेगी और पूर्वांचल के कई उपेक्षित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।

भाषा सुभाष वैभव

वैभव


लेखक के बारे में