कोलकाता में आग लगने से नौ लोगों की मौत के मामले में होटल मालिक गिरफ्तार

Ads

कोलकाता में आग लगने से नौ लोगों की मौत के मामले में होटल मालिक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 09:25 PM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 09:25 PM IST

कोलकाता, 22 अगस्त (भाषा) कोलकाता में एक होटल के मालिक को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया, जहां आग लगने से सात बांग्लादेशी नागरिकों समेत नौ लोगों की मौत हुई थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान बीरेश्वर मित्रा के रूप में हुई है जो मंगलवार को हुई घटना के बाद रात के समय कुछ समय घटनास्थल पर रहा था और फिर झारखंड के धनबाद फरार हो गया था।

अधिकारी ने कहा कि बीते कुछ दिन से उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था।

मित्रा न्यू मार्केट इलाके में स्थित शिखा इन और उसके सामने मौजूद जापॉन नामक एक अन्य होटल का मालिक है।

अधिकारी ने बताया कि कर्मचारियों ने उसे आग लगने की जानकारी दी थी, लेकिन वह घटनास्थल पर नहीं पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, मित्रा अपनी कार से कोलकाता से चला गया और धनबाद में जाकर छिप गया, जहां उसके कुछ कर्मचारियों के घर हैं।

अधिकारी ने बताया कि शनिवार को वह बेहाला में डायमंड हार्बर रोड पर स्थित अपने घर लौटा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांचकर्ताओं को संदेह है कि घटना के बाद दो बैंक खातों से लेनदेन पर रोक लगने के कारण पैसों की कमी होने की वजह से मित्रा वापस आया होगा।

पुलिस मित्रा से यह पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है कि वह क्यों भागा और बाद में वापस क्यों आया।

आरोप है कि होटल में अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मित्रा की तलाश शुरू कर दी थी।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश