IPS Latest Transfer and Posting List || Image- IBC24 News File
शिमला: HP Police Transfer: हिमाचल प्रदेश सरकार ने सोमवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आठ और हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा (एचपीपीएस) के चार अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया। इनमें चार जिलों के पुलिस अधीक्षक और दो पुलिस महानिरीक्षक शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कवींदर गुप्ता ने सिविल सेवा बोर्ड की सिफारिशों पर इन तबादलों और नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। सरकार ने पुलिस जिला नूरपुर के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत 2008 बैच के एचपीपीएस अधिकारी कुलभूषण वर्मा का तबादला कर उन्हें कांगड़ा का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। वह 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अशोक रतन का स्थान लेंगे, जिन्हें शिमला में पुलिस अधीक्षक (लीव रिजर्व) के पद पर स्थानांतरित किया गया है। वर्मा के पास धर्मशाला जोन के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा, जो इससे पहले अशोक रतन के पास था।
HP Police Transfer: इसी तरह, बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार धवल का तबादला डेहरा के पुलिस अधीक्षक के पद पर किया गया है। शिमला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक को पदोन्नत कर बिलासपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इस बीच, डेहरा के पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी को पुलिस मुख्यालय, शिमला में पुलिस अधीक्षक (लीव रिजर्व) के पद पर स्थानांतरित किया गया है जबकि नादौन के एसडीपीओ गौरवजीत सिंह को शिमला का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। हाल ही में अध्ययन अवकाश से लौटीं और तैनाती का इंतजार कर रहीं इल्मा अफरोज को नूरपुर की पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, हमीरपुर में पुलिस महानिरीक्षक (संचार और तकनीकी सेवाएं) पद पर कार्यरत आईपीएस अधिकारी अभिषेक डुलार का तबादला पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था), शिमला पद पर किया गया है। उनके पास डरोह में पुलिस महानिरीक्षक (सशस्त्र पुलिस और प्रशिक्षण) का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। इस पद पर कार्यरत डी के चौधरी को पुलिस महानिरीक्षक (संचार और तकनीकी सेवाएं), हमीरपुर तैनात किया गया है। सरकार ने एचपीपीएस अधिकारी रमण शर्मा का भी तबादला कर उन्हें राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, धर्मशाला में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है।