हैदराबाद: 20 रुपये किराये को लेकर हुए विवाद में ऑटो-रिक्शा चालक की पीटकर हत्या

हैदराबाद: 20 रुपये किराये को लेकर हुए विवाद में ऑटो-रिक्शा चालक की पीटकर हत्या

हैदराबाद: 20 रुपये किराये को लेकर हुए विवाद में ऑटो-रिक्शा चालक की पीटकर हत्या
Modified Date: September 21, 2026 / 05:54 pm IST
Published Date: September 21, 2026 5:54 pm IST

हैदराबाद, 21 सितंबर (भाषा) हैदराबाद में किराये के पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद तीन लोगों ने 42 वर्षीय ऑटो-रिक्शा चालक की कथित तौर पर पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार शाम वट्टेपल्ली में हुई। ऑटो रिक्शा चालक की बेटी की शिकायत के आधार पर फल्कनुमा पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया और दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया, “20 रुपये किराये को लेकर हुए विवाद के बाद तीन लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। हमले के दौरान चालक को दौरे भी पड़े और बाद में उसकी मौत हो गई। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और तीन आरोपियों में से दो को हिरासत में लिया गया है।”

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में से एक की मां रविवार शाम ऑटो-रिक्शा में सवार हुई थी। अपने गंतव्य पर उतरने के बाद उसने किराये के 20 रुपये चुकाने के लिए चालक को 200 रुपये का नोट दिया।

पुलिस ने बताया कि चालक ने महिला से कहा कि उसके पास छुट्टे पैसे नहीं हैं। इसके बाद महिला पास में मिठाई की एक दुकान पर गई और वापस आकर चालक को 100 रुपये का नोट दिया। चालक ने फिर कहा कि उसके पास छुट्टे पैसे नहीं हैं। इस बात को लेकर महिला और चालक के बीच बहस हो गई।

इसके बाद, महिला ने अपने बेटे को फोन किया। इस बीच चालक, उसकी पत्नी और बेटी, जो पहले से ही वाहन में सवार थे, महिला से किराया लिए बिना वहां से चले गए।

शिकायतकर्ता ने बताया कि बाद में उसके पिता को एक अन्य ऑटो-रिक्शा चालक का फोन आया, जिसने उन्हें बातचीत के लिए एक होटल में आने को कहा। वह वहां गए, जहां कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनमें से एक ने उन्हें थप्पड़ मारा, जबकि अन्य लोगों ने भी उन पर हमला कर दिया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह जमीन पर गिर गए और उन्हें दौरे पड़ने लगे, लेकिन उन लोगों ने उन पर हमला करना जारी रखा, जिसके बाद वह अचेत हो गए। फिर आरोपी मौके से फरार हो गए।

इसके बाद, चालक को निकट के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भाषा तान्या सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में