अदालत में बेहोश होकर गिरने के बाद व्यक्ति की मौत, परिजनों ने लगाया हिरासत में प्रताड़ना का आरोप

अदालत में बेहोश होकर गिरने के बाद व्यक्ति की मौत, परिजनों ने लगाया हिरासत में प्रताड़ना का आरोप

अदालत में बेहोश होकर गिरने के बाद व्यक्ति की मौत, परिजनों ने लगाया हिरासत में प्रताड़ना का आरोप
Modified Date: August 6, 2026 / 10:31 pm IST
Published Date: August 6, 2026 10:31 pm IST

सूरत, छह अगस्त (भाषा) सूरत की एक अदालत में बृहस्पतिवार को कबाड़ बीनने वाले 35 वर्षीय एक व्यक्ति की बेहोश होकर गिरने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसे अवैध रूप से हिरासत में रखा गया था और पुलिस हिरासत में उसके साथ मारपीट की गई थी। अधिकारियों ने हालांकि इन आरोपों को खारिज कर दिया है।

मृतक की पहचान नरेश परमार के रूप में हुई है, जिसे सूरत शहर की कतारगाम पुलिस ने झपटमारी के एक मामले में गिरफ्तार किया था और अदालत में पेश किया था।

पुलिस ने बताया कि अदालत की कार्यवाही के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और अदालत के निर्देश पर उसे शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद अस्पताल में भावुक दृश्य देखने को मिले और परमार के परिवार के सदस्यों ने पुलिस पर हिरासत में प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।

उसकी भाभी संगीता परमार ने आरोप लगाया कि नरेश दिल की बीमारी से पीड़ित था और पुलिस ने उसे झूठे मामलों में फंसाया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी चिकित्सीय स्थिति के बारे में सूचित किए जाने के बावजूद पुलिस ने उसे प्रताड़ित किया।

संगीता ने पत्रकारों से कहा, “नरेश कबाड़ बीनने का काम करता था और तीन बच्चों का अकेले पालन-पोषण कर रहा था क्योंकि उसकी पत्नी पांच साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। वह कभी झपटमारी में शामिल नहीं था। यह काम उन दो लोगों ने किया था जो उसके घर में किरायेदार के रूप में रहते थे। पुलिस थाने में बेरहमी से पिटाई के बाद उसकी मौत हो गई।”

परिवार ने आरोप लगाया कि परमार को मद्य निषेध और चोरी के मामलों में झूठा फंसाया गया था।

इन आरोपों को खारिज करते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) एल. बी. जाला ने कहा कि कामरेज इलाके का रहने वाला परमार कतारगाम थाने में दर्ज 2025 के झपटमारी के एक मामले और शराबबंदी के एक मामले में वांछित था।

एसीपी ने बताया कि वह पहले से ही दिल की बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज किया जा रहा था।

एसीपी ने बताया कि उमरा पुलिस द्वारा आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

भाषा सुमित प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में