हैदराबाद पुलिस ने शहर भर के होटलों और लॉज में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया
हैदराबाद पुलिस ने शहर भर के होटलों और लॉज में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया
हैदराबाद, छह जून (भाषा) हैदराबाद पुलिस ने शहर भर के 562 होटलों और लॉज में बड़े पैमाने पर समन्वित सुरक्षा जांच की है ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को रोका जा सके एवं सुरक्षा को मजबूत किया जा सके।
शुक्रवार रात 11 बजे से एक बजे तक चलाए गए इस अभियान में लगभग पांच हजार पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।
पुलिस द्वारा शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि ‘ऑपरेशन कवच’ नामक इस अभियान का मुख्य उद्देश्य होटल रजिस्टरों की गहन जांच करना और यह सत्यापित करना था कि होटल अपने अतिथियों के पहचान पत्रों का सत्यापन सख्ती से कर रहे हैं या नहीं।
हैदराबाद शहर के पुलिस आयुक्त वी सी सज्जनार ने स्वयं इस अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने नामपल्ली रेलवे स्टेशन और अमीरपेट के पास के व्यस्त इलाकों में स्थित कई होटलों का निरीक्षण किया और कमरा आवंटन प्रक्रियाओं एवं रजिस्टर रखरखाव प्रोटोकॉल की पड़ताल की।
पुलिस आयुक्त ने इन लॉज में ठहरे कई अतिथियों से सीधे बातचीत करके उनके मूल स्थान, यात्रा के उद्देश्य और अन्य पहचान पत्रों की पुष्टि की।
सज्जनार ने निरीक्षण के बाद एक सख्त निर्देश जारी किया जिसमें होटल और लॉज संचालकों को सभी सुरक्षा नियमों का पालन करने पर बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही एक नया डिजिटल आगंतुक प्रबंधन प्रणाली शुरू करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस आयुक्त ने होटल कर्मचारियों और नागरिकों से आग्रह किया कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दें।
भाषा राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


