बंगाल में अब तक के मतदान के आंकड़ों से मुझे पूरा यकीन है कि भाजपा को भारी जीत मिलने वाली है: मोदी

Ads

बंगाल में अब तक के मतदान के आंकड़ों से मुझे पूरा यकीन है कि भाजपा को भारी जीत मिलने वाली है: मोदी

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 02:30 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 02:30 PM IST

कृष्णानगर, 23 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए वहां की जनता को बधाई दी और अब तक के मतदान आंकड़ों को ‘परिवर्तन के लिए भारी जनादेश’ का संकेत बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने नदिया जिले के कृष्णानगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि विधानसभा चुनावों के दौरान हिंसा पिछले 50 वर्षों में न्यूनतम रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ बंगाल में पिछले 50 वर्षों के चुनावी इतिहास में हिंसा न्यूनतम रही है। अब तक मुझे जो जानकारी मिली है, उससे मुझे पूरा विश्वास है कि यह जनादेश बदलाव के लिए होगा।’’

उन्होंने दावा किया कि जब भी भारी संख्या में लोग मतदान करने निकले, भाजपा को निर्णायक जीत मिली है।

बंगाल में दोपहर एक बजे तक औसतन 62.18 प्रतिशत मतदान हुआ है।

राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान के शुरुआती कुछ घंटों के दौरान कुछ इलाकों से छिटपुट हिंसा की खबरें मिलीं।

‘झालमुड़ी’ विवाद को लेकर सत्ताधारी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने झालमुड़ी का आनंद लिया, लेकिन मिर्ची तृणमूल को लगी।

मोदी ने कहा, ‘मैंने बंगाल में झालमुड़ी खाई, लेकिन लगता है कि मिर्ची तृणमूल को लगी।’’

राज्य के लिए अपनी पूर्व की ‘छह चुनावी गारंटियों’ के वादों पर आगे बढ़ते हुए, प्रधानमंत्री ने बंगाल की महिलाओं और बच्चों के उत्थान और कल्याण के उद्देश्य से नयी ‘10 मोदी-की-गारंटियों’ की घोषणा की।

उन्होंने कहा, ‘मोदी-की-गारंटी का मतलब स्वतः ही उन गारंटियों की पूर्ति है।’

मोदी ने दावा किया, ‘इस बार टीएमसी बंगाल के कई जिलों में खाता भी नहीं खोल पाएगी। तृणमूल की घुसपैठियों को समर्थन देने की नीति को खत्म करना जरूरी है, क्योंकि यह हमारी भूमि के लिए खतरा पैदा करती है।’’

प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया, ‘बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद सीएए के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया को गति मिलेगी।’’

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा