शुभेंदु के सहयोगी की हत्या की निंदा करता हूं, बंगाल में कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हो रहा: दिलीप घोष
शुभेंदु के सहयोगी की हत्या की निंदा करता हूं, बंगाल में कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हो रहा: दिलीप घोष
कोलकाता, सात मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से नवनिर्वाचित विधायक दिलीप घोष ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की हत्या की बृहस्पतिवार को कड़ी निंदा की और आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की चुनावी जीत के बावजूद कार्यकर्ताओं को अत्याचारों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष घोष ने कहा कि हिंसा की घटनाओं को तुरंत रोका जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “भाजपा सत्ता में आ गई है लेकिन सत्ता अभी हमारे हाथों में नहीं आई है। शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक पर हमला हुआ। हिंसा की इन घटनाओं को रोका जाना चाहिए।”
भारतीय वायु सेना के पूर्व जवान और शुभेंदु के लंबे समय से सहयोगी रहे चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात उत्तरी 24 परगना जिले में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
घोष ने पुलिस से असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, “पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। असामाजिक तत्वों को जेल भेजा जाना चाहिए।”
घोष ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रही आंतरिक कलह जमीनी स्तर पर अशांति का कारण बन रही है।
उन्होंने दावा किया, “लड़ाई तृणमूल गुटों के बीच हो रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किया जा रहा है।”
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी और बताया कि सीसीटीवी फुटेज व अन्य सबूतों की जांच कर अपराध में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव

Facebook


