मतदाता सूची से नागरिकों के नाम हटाये जाने के खिलाफ लड़ाई जारी रखूंगी : ममता
मतदाता सूची से नागरिकों के नाम हटाये जाने के खिलाफ लड़ाई जारी रखूंगी : ममता
कोलकाता, 25 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में नागरिकों के नाम हटाये जाने के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखने का बुधवार को संकल्प लिया और कहा कि उन्हें आशंका है कि तार्किक विसंगतियों का हवाला देते हुए 80 लाख से अधिक नाम हटाने की साजिश रची जा रही है।
एसआईआर के पहले चरण के बाद 58 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने का दावा करते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘तार्किक विसंगतियों के बहाने, 14 फरवरी तक कम से कम 20 लाख और वास्तविक मतदाताओं को गुपचुप तरीके से मतदाता सूची से बाहर कर दिया गया।’’
यहां अपने भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि दो लाख अतिरिक्त मतदाताओं के नाम हटाकर अंतिम मतदाता सूची से 80 लाख नाम हटाने की साजिश रची जा रही है।
बनर्जी ने कहा कि उन्होंने लाखों मतदाताओं के नाम हटाने के निर्वाचन आयोग के कदम के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का रुख किया था और शीर्ष अदालत के आदेश के बावजूद, आयोग ने व्हाट्सऐप पर नियमित रूप से निर्देश जारी किये हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे न्याय चाहिए। मैं किसी का भी नाम हटाए जाने के खिलाफ हूं… इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता कि पीड़ित हिंदू हैं या मुसलमान, या किसी अन्य समुदाय से हैं। मैं उनके लिए प्रार्थना करूंगी, उनके साथ खड़ी रहूंगी और उनके लिए लड़ूंगी। मैं कहना चाहती हूं, जियो और जीने दो।’’
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


