आईडीएफसी फर्स्ट बैंक मामला: ईडी ने हरियाणा, पंजाब में आभूषण दुकानों पर छापे मारे

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक मामला: ईडी ने हरियाणा, पंजाब में आभूषण दुकानों पर छापे मारे

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक मामला: ईडी ने हरियाणा, पंजाब में आभूषण दुकानों पर छापे मारे
Modified Date: September 29, 2026 / 04:03 pm IST
Published Date: September 29, 2026 4:03 pm IST

चंडीगढ़, 29 सितंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा सरकार से जुड़े बैंक खातों और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में खुलवाए गए खातों से कथित तौर पर 645 करोड़ रुपये के गबन से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के तहत हरियाणा और पंजाब में कुछ आभूषण दुकानों के खिलाफ मंगलवार को छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि चंडीगढ़, पंजाब के मोहाली और हरियाणा के पंचकूला में करीब 14 ठिकानों पर छापेमारी की गई।

केंद्रीय एजेंसी ने कहा कि कथित तौर पर गबन किए गए सरकारी धन को कई आभूषण कारोबारियों के बैंक खातों के जरिए भेजा गया और अलग-अलग लेन-देन के रूप में दिखाया गया।

ईडी अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों के साथ मिलीभगत कर ये लेन-देन किए गए ताकि अपराध से अर्जित धन को छिपाया और वैध धन के रूप में दिखाया जा सके।

उन्होंने कहा कि आभूषण कारोबारियों के जरिए अपराध से हासिल काले धन को भी कथित तौर पर सफेद किया गया, जो बाद में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के “धोखाधड़ी” मामले में शामिल आरोपी आईएएस अधिकारियों और अन्य सरकारी कर्मचारियों तक पहुंचा।

सीबीआई ने हाल ही में इस मामले में पंचकूला की एक अदालत में तीसरा आरोप पत्र दाखिल किया था, जिसमें बैंक धोखाधड़ी मामले में हरियाणा कैडर के छह आईएएस अधिकारियों और अन्य सरकारी कर्मचारियों के नाम शामिल किए गए हैं।

ईडी ने इस जांच के तहत चार लोगों को गिरफ्तार किया था, 14 संस्थाओं के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था और 211 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की थीं।

यह धन शोधन मामला हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश


लेखक के बारे में