शाहबाद डेयरी में संदिग्ध चोरों की पिटाई, एक की मौत

शाहबाद डेयरी में संदिग्ध चोरों की पिटाई, एक की मौत

शाहबाद डेयरी में संदिग्ध चोरों की पिटाई, एक की मौत
Modified Date: September 29, 2026 / 03:45 pm IST
Published Date: September 29, 2026 3:45 pm IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) बाहरी-उत्तरी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में चोरी के प्रयास के संदेह में लोगों के एक समूह द्वारा कथित तौर पर पीटे जाने के कारण 21 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान हसन मंगल के रूप में हुई है और उसके खिलाफ पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज थे।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब सात बजे सूचना मिली थी कि शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में लोगों ने संदिग्ध चोरों को घेर लिया है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीन लोगों को घायल अवस्था में पाया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां मंगल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो अन्य का इलाज चल रहा है।

उन्होंने बताया कि मंगल के खिलाफ पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज थे और वह नरेला औद्योगिक थाने द्वारा घोषित खराब चरित्र का व्यक्ति था।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब चार. पांच संदिग्ध लोग चोरी की नीयत से इलाके में घुसे थे और संभवतः एक दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। आवाज सुनकर स्थानीय लोग बाहर आ गए और उन्होंने संदिग्ध चोरों को पकड़ लिया।’

अधिकारी ने बताया कि उनमें से कुछ भागने में सफल रहे, वहीं तीन संदिग्धों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और बाद में उनकी पिटाई कर दी। उन्होंने बताया कि मंगल को गंभीर चोटें आई थीं और बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

अधिकारी ने कहा कि अपराध टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। जांचकर्ताओं ने घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी एकत्र की है।

पुलिस ने बताया कि कथित पिटाई के सिलसिले में अब तक पांच लोगों को पकड़ा गया है।

पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज किया जा रहा है और जांच के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्यों के साथ-साथ चिकित्सकीय राय और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस दुकान में सेंधमारी के कथित प्रयास और मौके से फरार हुए अन्य संदिग्ध चोरों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में