आईआईटी-दिल्ली के एक विद्यार्थी ने परिसर में की खुदकुशी
आईआईटी-दिल्ली के एक विद्यार्थी ने परिसर में की खुदकुशी
नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) दिल्ली स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) से भौतिकी में स्नातकोत्तर कर रहे 31 वर्षीय विद्यार्थी ने शनिवार सुबह परिसर में एक भवन से कथित रूप से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आरंभिक जांच के मुताबिक, यह विद्यार्थी सुबह करीब आठ बजे यहां मुख्य द्वार से आईआईटी परिसर में दाखिल हुआ। इसके बाद वह व्याख्यान सभागार कॉम्प्लेक्स में गया और लिफ्ट से छठी मंजिल पर पहुंचा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसके बाद वह कथित तौर पर इमारत के सामने की तरफ से कूद गया।
अधिकारी के मुताबिक छात्र को तुरंत संस्थान के परिसर में स्थित अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इस घटना के बारे में प्रात: करीब साढ़े आठ बजे किशनगढ़ थाने को फोन के जरिये सूचना मिली। इसके बाद कुछ ही देर में पुलिस दल आईआईटी परिसर में पहुंचा।
सबूत इकट्ठा करने के लिए अपराध जांच दल और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की इकाई को बुलाया गया।
अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से कोई ‘सुसाइड नोट’ नहीं मिला है, लेकिन मृत छात्र की जेब से एक मोबाइल फोन मिला है जिसकी जांच की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि आरंभिक जांच में शरीर पर गिरने से लगी चोटों के अलावा कोई और चोट का निशान नहीं मिला है।
पुलिस जांच के तहत संस्थान से छात्र के ‘काउंसलिंग रिकॉर्ड’ और दूसरी जरूरी जानकारी जुटायी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि छात्र की मौत की वजह बनी परिस्थितियों की जांच की जा रही है और उपलब्ध सभी जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है।
भाषा
राजकुमार संतोष
संतोष

Facebook


