कर्नाटक में लोकायुक्त ने सरकारी अधिकारियों के परिसरों पर छापेमारी की

कर्नाटक में लोकायुक्त ने सरकारी अधिकारियों के परिसरों पर छापेमारी की

कर्नाटक में लोकायुक्त ने सरकारी अधिकारियों के परिसरों पर छापेमारी की
Modified Date: March 5, 2026 / 11:22 am IST
Published Date: March 5, 2026 11:22 am IST

बेंगलुरु, पांच मार्च (भाषा) लोकायुक्त ने कर्नाटक के विभिन्न जिलों में आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में कई सरकारी अधिकारियों के परिसरों पर बृहस्पतिवार को एक साथ छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बेंगलुरु, मांड्या, धारवाड़, हसन, मैसूरु, विजयपुरा और यादगीर सहित अन्य जिलों में विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत अधिकारियों से जुड़े कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।

लोकायुक्त के अधिकारियों के अनुसार, सहायक कार्यकारी अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, उप विद्युत निरीक्षक और तालुक पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी जैसे पदों पर आसीन अधिकारियों के खिलाफ यह छापेमारी की कार्रवाई की गई।

हसन नगर निगम के सहायक कार्यकारी अभियंता एम. सी. सत्यनारायण के घर पर भी छापेमारी की गई।

सूत्रों के अनुसार, हसन में सत्यनारायण के आवास पर छापेमारी के दौरान नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला, जहां दरवाजा नहीं खोले जाने पर लोकायुक्त अधिकारियों को घर के बाहर एक घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा।

सत्यनारायण ने दरवाजा खोलने के अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद अधिकारियों ने पहली मंजिल पर चढ़कर घर में प्रवेश करने का प्रयास किया।

सूत्रों के अनुसार, एक अन्य मामले में अधिकारियों ने हुबली के अक्षय कॉलोनी स्थित कर्नाटक ग्रामीण अवसंरचना विकास लिमिटेड के मुख्य अभियंता वसंतप्पा नायक के आवास पर छापेमारी की।

नायक वर्तमान में बेंगलुरु में तैनात हैं और पिछले साल अप्रैल में हुबली से उनका तबादला हुआ था।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में