मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर मुख्यमंत्री धामी ने ‘हाई अलर्ट’ पर रहने के निर्देश दिये
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर मुख्यमंत्री धामी ने 'हाई अलर्ट' पर रहने के निर्देश दिये
देहरादून, पांच अगस्त (भाषा) उत्तराखंड में लगातार हो रही वर्षा तथा बृहस्पतिवार के लिए मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संभावित आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य की सभी एजेंसियों को ‘हाई अलर्ट’ पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन से विभिन्न जिलों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली तथा कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिवादन बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ उच्च सतर्कता बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति में बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जाए।
धामी ने जिलाधिकारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने का निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी रखी जाए, नदी-नालों के जलस्तर पर सतत दृष्टि बनाए रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित हो।
सुमन ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा बृहस्पतिवार के लिए देहरादून, चमोली एवं बागेश्वर जिलों में बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा राज्य के शेष जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर तीव्र वर्षा, आकाशीय बिजली तथा तेज हवाओं की आशंका भी व्यक्त की है और ऐसी परिस्थितियों में सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने को कहा गया है।
सचिव ने प्रदेशवासियों एवं राज्य में आए पर्यटकों से भी अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें, सावधान, सचेत एवं सतर्क रहें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व मौसम एवं मार्ग की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
इस बीच, भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा के लिए चमोली और बागेश्वर जिलों में बृहस्पतिवार को कक्षा 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
भाषा दीप्ति शफीक
शफीक

Facebook


