भुवनेश्वर, 28 जुलाई (भाषा) ओडिशा के चार जिलों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि गहरे दबाव का क्षेत्र बनने के कारण हुई भारी बारिश के बाद कम से कम तीन नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
राज्य सरकार ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग और अन्य एजेंसियों को तैयार रहने को कहा है। साथ ही अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, ओडिशा के उत्तरी हिस्से में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। तटीय क्षेत्र में बालासोर शहर में इस अवधि के दौरान 246.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
जल संसाधन विभाग के मुख्य इंजीनियर दिलीप कुमार राउत ने कहा कि अगर जलका, सालंदी और बैतरणी नदियों का जलस्तर बढ़ने से पानी किनारों से बाहर बहता है, तो बालासोर, भद्रक, मयूरभंज और जाजपुर ज़िलों में भारी बाढ़ आ सकती है।
राउत ने संवाददाताओं से कहा, ‘इन नदियों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और यह जल्द ही खतरे के निशान को पार कर सकता है।’
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि संवेदनशील इलाकों में ओडीआरएएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन दलों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा, ‘जिला अधिकारियों को लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।’
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप