आयकर विभाग ने सर्वेक्षण के दौरान रेस्तरांओं में 408 करोड़ रुपये बिक्री छिपाए जाने का पता लगाया

आयकर विभाग ने सर्वेक्षण के दौरान रेस्तरांओं में 408 करोड़ रुपये बिक्री छिपाए जाने का पता लगाया

आयकर विभाग ने सर्वेक्षण के दौरान रेस्तरांओं में 408 करोड़ रुपये बिक्री छिपाए जाने का पता लगाया
Modified Date: March 10, 2026 / 01:03 am IST
Published Date: March 10, 2026 1:03 am IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) आयकर विभाग ने कर चोरी के आरोपों को लेकर विभिन्न रेस्तरांओं के खिलाफ देशव्यापी सर्वेक्षण किया और 408 करोड़ रुपये की बिक्री के बारे में जानकारी छिपाए जाने का पता लगाया। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रविवार को विभिन्न रेस्तरांओं पर कार्रवाई करने के बाद आयकर विभाग अब 63,000 रेस्तराओं को ईमेल और संदेश भेजकर अनुरोध कर रहा है कि वे 31 मार्च तक अपने आयकर रिटर्न को अपडेट करें।

सीबीडीटी ने एक बयान में कहा, “देशभर में 22 राज्यों के 46 शहरों में 62 रेस्तरांओं का सर्वेक्षण किया गया। प्रारंभिक रूप से, इस कार्रवाई में 408 करोड़ रुपये की बिक्री छिपाए जाने का पता चला।”

आयकर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिन शहरों में सर्वेक्षण किया गया उनमें दिल्ली, शिमला, मुरथल (हरियाणा), गुरुग्राम, गुवाहाटी, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, सिलीगुड़ी, गोधरा, अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोच्चि, मदुरै, कोयंबटूर, रायपुर, भोपाल, इंदौर, अजमेर, जयपुर, चंडीगढ़, लुधियाना, कोडरमा, पटना, कटक और पुरी शामिल हैं।

इससे पहले सूत्रों ने बताया था कि आयकर विभाग यह पता चलने के बाद कई शहरों में विभिन्न रेस्तरांओं का सत्यापन करने के लिए अभियान चला रहा है कि कुछ रेस्तराओं ने कर चोरी करने के लिए ‘बिलिंग सॉफ्टवेयर’ में हेरफेर कर कथित रूप से बिक्री को कम दिखाया।

अधिकारियों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि आयकर विभाग की हैदराबाद स्थित जांच शाखा ने हाल ही में रेस्तरां बिलिंग सॉफ्टवेयर बनाने वाली एक स्थानीय कंपनी के परिसर का सर्वेक्षण किया, जिसमें पाया गया कि कुछ होटल और रेस्तरां कथित तौर पर सॉफ्टवेयर में हेरफेर कर अपनी आय को कम दिखा रहे थे।

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में