‘इंडिया’ गठबंधन केवल कल्पना की उपज है, जमीनी स्तर पर इसमें कोई ठोस प्रतिबद्धता नहीं: भाजपा
‘इंडिया’ गठबंधन केवल कल्पना की उपज है, जमीनी स्तर पर इसमें कोई ठोस प्रतिबद्धता नहीं: भाजपा
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) की सोमवार की बैठक को लेकर कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘कल्पना की उपज’ है और जमीनी स्तर पर इसको लेकर कोई ठोस प्रतिबद्धता नहीं है।
राष्ट्रीय राजधानी के ‘कॉन्स्टीट्यूशन क्लब’ में होने वाली इस बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव सहित कई विपक्षी दलों के शीर्ष नेता शामिल हुए।
बैठक में वे भाजपा का मुकाबला करने के लिए अपनी रणनीति को फिर से तय करेंगे और हाल के विधानसभा चुनावों में प्रमुख क्षेत्रीय दलों तृणमूल कांग्रेस और द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की हार के बाद बदले हुए सत्ता समीकरणों के बीच मतभेदों को दूर करने पर चर्चा करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन में पूरी तरह से ‘बिखराव’ की स्थिति है और कांग्रेस तथा द्रमुक, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) एवं वामपंथी दलों के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ने भी क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन के पीछे कांग्रेस के इरादों पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘द्रमुक बनाम कांग्रेस, झामुमो बनाम कांग्रेस और वामपंथियों द्वारा कांग्रेस पर हमले के बाद ‘इंडी’ गठबंधन में पूरी तरह से बिखराव की स्थिति है और अब आम आदमी पार्टी ने भी कांग्रेस को निशाना साधा है। उसने छोटी क्षेत्रीय पार्टियों से कहा है कि कांग्रेस केवल खुद को मजबूत करने के लिए उनके साथ आ रही है, न कि राष्ट्र को मजबूत करने के लिए और इसलिए वह ‘इंडी’ गठबंधन में शामिल नहीं होगी।’’
पूनावाला ने कहा, ‘‘कोई ‘इंडी’ गठबंधन नहीं है। यह केवल कल्पना की उपज है। दिखावटी बैठकें होती हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई वास्तविक प्रतिबद्धता दिखाई नहीं देती।’’
विपक्षी गठबंधन में साझा उद्देश्य की कमी का दावा करते हुए पूनावाला ने कहा कि इसमें कोई ‘मिशन’ नहीं, कोई ‘विजन’ (दृष्टि) नहीं, केवल ‘डिवीजन’ (विभाजन) है।
एक वीडियो बयान में उन्होंने दावा किया कि क्षेत्रीय दलों का कांग्रेस पर भरोसा नहीं है, क्योंकि वह ‘‘उन्हें इस्तेमाल करके छोड़ देती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ द्रमुक ने कहा है कि कांग्रेस पीठ में छुरा घोंपने वाली पार्टी है और वह उसके साथ बैठना नहीं चाहती। झारखंड में दूसरी राज्यसभा सीट को लेकर झामुमो का कांग्रेस से विवाद है, उसका कहना है कि कांग्रेस ने उससे पूछा तक नहीं।’’
भाजपा नेता ने कहा कि ‘‘ राजद, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उबाठा) और अन्य दलों का भी मानना है कि कांग्रेस उन्हें इस्तेमाल करके छोड़ देती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इंडी गठबंधन केवल कागजों, सुर्खियों और दिखावटी कार्रवाइयों में ही है, हकीकत में नहीं है।’’
भाषा शोभना अमित
अमित
अमित

Facebook


