नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) विदेश मंत्रालय ने रूस पर प्रतिबंध संबंधी अमेरिकी विधेयक पारित होने पर प्रतिक्रिया देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारत अपने 1.4 अरब लोगों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विविध स्रोतों से ऊर्जा खरीद जारी रखेगा।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट’ पारित किया है। यह विधेयक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूस पर प्रतिबंध लगाने और भारत तथा चीन जैसे उसके तेल एवं गैस के व्यापारिक साझेदारों पर भारी शुल्क लगाने का अधिकार देता है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘ जैसा की पहले भी कई मौकों पर कहा गया है, भारत अपने 1.4 अरब लोगों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भारत विविध स्रोतों से ऊर्जा की खरीद और बदलती बाजार परिस्थितियों के आधार पर अपनी ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करता रहेगा’’
मंत्रालय ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में इस मुद्दे पर विभिन्न अमेरिकी अधिकारियों के साथ उच्च स्तर पर चर्चा हुई है।
उसने कहा , ‘‘भारतीय पक्ष ने न केवल द्विपक्षीय संबंधों पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर भी इसके संभावित असर को बहुत स्पष्ट रूप से बताया है।’’
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत ने अमेरिका को स्पष्ट कर दिया है कि वह देश के व्यापार और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘सरकार इन घटनाक्रम के प्रभावों से निपटने के लिए भारतीय व्यापार और उद्योग संगठनों के साथ मिलकर काम करेगी।’’
भाषा शोभना रंजन
रंजन