भारत ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर हमले की निंदा की
भारत ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर हमले की निंदा की
नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) भारत ने दक्षिण लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में तैनात सैनिकों पर हुए हमले की शनिवार को निंदा की और सभी पक्षों से शांति सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस हमले में एक फ्रांसीसी सैनिक मारा गया और तीन अन्य सैनिक घायल हो गए।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, हमले की चपेट में आए सैनिक लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूएनआईएफआईएल) में तैनात थे। हमला गांदौरियेह गांव में हुआ।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम यूएनआईएफआईएल में तैनात फ्रांसीसी संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर आज हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हम शहीद शांति सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और घायल हुए तीन अन्य शांति सैनिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’
इसने एक बयान में कहा, ‘‘हम लेबनान सरकार से आग्रह करते हैं कि वह इस हमले की तत्काल जांच करे, इसके दोषियों को न्याय के कठघरे में लाए और संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के खिलाफ हुए इस अपराध के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करे।’’
भाषा नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


