भारत कूटनीतिक रूप से अलग-थलग पड़ रहा है : कांग्रेस नेता कर्रा
भारत कूटनीतिक रूप से अलग-थलग पड़ रहा है : कांग्रेस नेता कर्रा
जम्मू, 21 मई (भाषा) कांग्रेस नेता तारिक हमीद कर्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘कूटनीतिक रूप से अलग-थलग’ पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर वैश्विक मंचों पर ‘अति-राष्ट्रवाद और नाटक’ करने का आरोप लगाया।
कर्रा ने कहा कि राजीव गांधी को दुनिया भर में आधुनिक भारत के निर्माताओं में से एक माना जाता था और उन्होंने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी।
पूर्व प्रधानमंत्री की आज ही के दिन 1991 में तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में आतंकवादी संगठन लिट्टे के एक आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी।
राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम से इतर कार्रा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘मुद्दा यह है कि मोदी जी, इस सरकार की आंतरिक और आर्थिक नीतियों के कारण देश की समस्याएं बढ़ रही हैं। इनकी विदेश नीतियों के चलते दुनिया में हमें जो समर्थन हासिल था, वह धीरे-धीरे कम हो रहा है। अब (अंतरराष्ट्रीय) गुट बन रहे हैं और हमारे बारे में भी (दूसरों द्वारा) फैसले लिए जा रहे हैं।’
केंद्र सरकार की नीतियों पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की आलोचनात्मक टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कर्रा ने कहा कि बिगड़ते हालात को लेकर पहले दी गई चेतावनियों को भी नजरअंदाज कर दिया गया।
उन्होंने कहा, ‘इसका सीधा सा मतलब है कि भारत कूटनीतिक रूप से अलग-थलग पड़ रहा है। राहुल जी ने एक और बात कही थी कि इस स्थिति को संभालने और गिरावट को रोकने के लिए अब भी समय है।’
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को अपनी नीतियां बदलनी चाहिए ताकि वे जनता के अनुकूल हों।
उन्होंने कहा, ‘भारत को केवल दो-चार लोगों के चश्मे से देखना बंद करें और सभी 140 करोड़ भारतीयों को ध्यान में रखकर नीतियां बनाएं।’
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


