पनामा के साथ संबंधों को मजबूत करने का इच्छुक है भारत : जयशंकर

पनामा के साथ संबंधों को मजबूत करने का इच्छुक है भारत : जयशंकर

पनामा के साथ संबंधों को मजबूत करने का इच्छुक है भारत : जयशंकर
Modified Date: July 21, 2026 / 12:24 am IST
Published Date: July 21, 2026 12:24 am IST

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को कहा कि भारत पनामा के साथ ‘करीबी संबंध’ बनाने का इच्छुक है, क्योंकि यह देश भारत जैसे साझेदार के लिए रणनीतिक स्थिति के साथ-साथ आर्थिक स्थिरता और संभावनाएं भी प्रदान करता है।

हैदराबाद हाउस में पनामा के विदेश मंत्री जेवियर मार्टिनेज़-आचा वास्केज के साथ हुई बैठक में अपनी शुरुआती बातचीत के दौरान जयशंकर ने यह भी कहा कि ‘‘हमारी दोनों सरकारें और हमारे दोनों नेता हमारी साझेदारी को और प्रगाढ़ और व्यापक बनाने के लिए बहुत उत्सुक हैं।’’

वास्केज 19 से 23 जुलाई तक भारत की यात्रा पर हैं। इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

जयशंकर ने कहा, ‘‘मेरा मानना ​​है कि आपकी यह यात्रा हमारे दोनों देशों के संबंधों को प्रगाढ़ करने की दिशा में बढ़ी गति को और आगे बढ़ाएगी। मुझे आज होने वाली बातचीत का बेसब्री से इंतज़ार है और मुझे पूरा भरोसा है कि इससे हमारी साझेदारी का दायरा बढ़ाने में मदद मिलेगी।’’

विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पनामा के विदेश मंत्री की यात्रा ‘‘सभी क्षेत्रों में हमारे संबंधों को और मजबूत करेगी’’।

विदेश मंत्री के मुताबिक पनामा, भारत के लिए वैश्विक व्यापार मार्ग पर एक ‘नैसर्गिक सेतु’ और व्यापक लातिन अमेरिकी क्षेत्र के लिए एक प्रवेश द्वार का काम करता है।

भाषा धीरज रंजन

रंजन


लेखक के बारे में