भारत 2031 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसरः राधामोहन दास अग्रवाल

Ads

भारत 2031 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसरः राधामोहन दास अग्रवाल

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 02:08 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 02:08 PM IST

मंगलुरु (कर्नाटक), 13 जून (भाषा) वरिष्ठ भाजपा नेता राधामोहन दास अग्रवाल ने शनिवार को कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत ने मजबूत आर्थिक वृद्धि बनाए रखी है और वर्ष 2031 तक यह विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव अग्रवाल ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत ने रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में तनाव जैसे अंतरराष्ट्रीय संघर्षों से पैदा हुई बाधाओं के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 7.7 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि हासिल की है।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘भारत की आर्थिक वृद्धि दर दुनिया में सबसे ऊंचे स्तर पर बनी हुई है। मौजूदा दर से आगे बढ़ने पर देश के 2031 तक विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरने की संभावना है।’’

उन्होंने दुनिया की अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं से भारत की तुलना करते हुए कहा कि देश की 7.7 प्रतिशत की वृद्धि दर अमेरिका, चीन, जापान और कई यूरोपीय अर्थव्यवस्थाओं की वृद्धि दर से काफी अधिक है।

उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 2013-14 के 1,900 अरब डॉलर से बढ़कर हाल के वर्षों में 4,000 अरब डॉलर से ऊपर पहुंच गई।

सामाजिक और आर्थिक संकेतकों को रेखांकित करते हुए अग्रवाल ने कहा कि करीब 25 करोड़ लोग पिछले 12 वर्षों के दौरान गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।

उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारी घटकर करीब 5.1 प्रतिशत पर आ गई और महंगाई दर करीब 4.5 प्रतिशत पर बनी हुई है जबकि प्रति व्यक्ति आय करीब 49,000 रुपये से बढ़कर 2.35 लाख रुपये पर पहुंच गई है।

भाजपा की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए अग्रवाल ने कहा कि लाभार्थियों को करीब चार करोड़ मकान उपलब्ध कराए गए हैं और करीब 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराया गया है, जबकि करीब 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न की आपूर्ति की गई है।

उन्होंने कहा कि हर गांव तक बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है और करोड़ों नागरिक आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सेवा के दायरे में लाए गए हैं।

अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने सालाना 12.75 लाख रुपये की आय वाले लोगों को आयकर राहत भी दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये दिए जाने का भी उल्लेख किया।

कर्नाटक के संदर्भ में भाजपा नेता ने कहा कि राज्य को 2014 से उल्लेखनीय केंद्रीय सहायता मिली है। राज्य सरकार को चार लाख करोड़ रुपये से अधिक राशि भेजी गई है और सड़क, रेल एवं ढांचागत विकास में बड़ा निवेश किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रमुख परियोजनाओं जैसे बेंगलुरु-चेन्नई एक्सप्रेसवे, बेंगलुरु रिंग रोड परियोजना और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार से कर्नाटक का संपर्क मजबूत हुआ है और आर्थिक समृद्धि बढ़ी है।’’

अग्रवाल ने कहा कि कल्याणकारी पहल, ढांचागत विस्तार और आर्थिक सुधारों के प्रभाव से पिछले एक दशक में राष्ट्रीय और राज्य के स्तर पर विकास में तेजी लाने में मदद मिली है।

भाषा सं राजेंद्र सुरभि प्रेम

सुरभि