भारत ने बाढ़ प्रभावित नेपाल को और राहत सामग्री भेजी
भारत ने बाढ़ प्रभावित नेपाल को और राहत सामग्री भेजी
नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) भारत ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के लिए बृहस्पतिवार को एक सैन्य परिवहन विमान से राहत सामग्री की दूसरी खेप भेजी।
नयी दिल्ली ने बुधवार को पड़ोसी देश को 10 टन एचएडीआर (मानवीय सहायता और आपदा राहत) सामग्री भेजी थी।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘नेपाल के लिए 37.5 टन एचएडीआर सामग्री, दवाएं और खाद्य सामग्री के पैकेट के साथ दूसरे विमान ने अभी अभी उड़ान भरी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत नेपाल के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। हम राहत कार्यों में पूरा सहयोग जारी रखेंगे।’’
नेपाल तिब्बत क्षेत्र से लगी अपनी सीमा के पास अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहा है जिसमें कम से कम 160 लोगों की मौत हो गई है और भारी तबाही मची है।
राहत सामग्री की पहली खेप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेपाल के अपने समकक्ष बालेन्द्र शाह से बातचीत के कुछ घंटों बाद भेजी गई थी। बातचीत के दौरान उन्होंने स्थिति से निपटने के लिए हर संभव मानवीय सहायता का भरोसा दिलाया था।
बातचीत के बाद मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘भारत इस मुश्किल समय में नेपाल में रहने वाले अपने भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़ा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत, नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। हमारी टीम राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मिलकर काम कर रही हैं।’’
राहत सामग्री में अस्थायी आश्रय के लिए तंबू, कंबल, ‘हाइजीन किट’, सोलर लैंप और दवाएं जैसी आपातकालीन चीजें शामिल हैं। प्राप्त सूचना के अनुसार आगामी कुछ दिनों में भारत और राहत सामग्री भेजेगा।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा

Facebook


