भारत ने पिनाका लंबी दूरी की निर्देशित रॉकेट का सफल परीक्षण किया
भारत ने पिनाका लंबी दूरी की निर्देशित रॉकेट का सफल परीक्षण किया
नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा)भारत ने बुधवार को ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण स्थल से पिनाका लंबी दूरी के निर्देशित रॉकेट (एलआरजीआर) का सफल उड़ान परीक्षण किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रॉकेट का परीक्षण उपयोगकर्ता द्वारा तय 60 किलोमीटर की न्यूनतम दूरी की मारक क्षमता की जांच करने के लिए किया गया।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने आठ जुलाई को चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण स्थल (आईटीआर)पर पिनाका लंबी दूरी के निर्देशित रॉकेट (एलआरजीआर)का सफल उड़ान परीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के मुताबिक उड़ान के दौरान सभी मानकों पर खरा उतरते हुए एलआरजीआर ने पहले से तय रास्ते का बिल्कुल सटीक तरीके से पालन किया और ‘‘बेहतरीन सटीकता’’ के साथ अपने लक्ष्य को भेदा। उन्होंने बताया कि परीक्षण की निगरानी करने के लिए लगाए गए सभी उपकरणों ने उड़ान के समय रॉकेट के पूरे रास्ते पर नजर रखा।
उन्होंने बताया कि पिनाका एलआरजीआर रॉकेट को शस्त्र अनुसंधान एवं विकास संगठन ने उच्च ऊर्जा सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला के साथ मिलकर डिज़ाइन किया है, जिसमें ‘रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला’ और ‘रिसर्च सेंटर इमारत’ का सहयोग मिला है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल उड़ान परीक्षण के लिए डीआरडीओ, भारतीय सेना और उद्योग को बधाई दी। उन्होंने इसे लंबी दूरी के निर्देशित रॉकेट के लिए स्वदेशी डिज़ाइन और विकास क्षमता में एक ‘बड़ी उपलब्धि’ बताया।
मंत्रालय ने बताया कि रक्षा सचिव, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने इन परीक्षणों पर बारीकी से नजर रखी और सफल परीक्षण से जुड़ी सभी टीम की प्रशंसा की।
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


