भारत करेगा ब्रिक्स प्रधान न्यायाधीश मंच की मेजबानी; सीजेआई करेंगे द्विपक्षीय बैठकें

Ads

भारत करेगा ब्रिक्स प्रधान न्यायाधीश मंच की मेजबानी; सीजेआई करेंगे द्विपक्षीय बैठकें

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 06:50 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 06:50 PM IST

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) उच्चतम न्यायालय यहां चार से छह सितंबर तक ब्रिक्स प्रधान न्यायाधीश मंच की मेजबानी करेगा। इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों और साझेदार देशों के प्रधान न्यायाधीश, उच्चतम न्यायालयों के अध्यक्ष तथा वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी शामिल होंगे।

प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ब्रिक्स सदस्य देशों और साझेदार देशों के वरिष्ठ न्यायिक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

उच्चतम न्यायालय ने एक बयान में कहा, ‘‘यह मंच भाग लेने वाली न्यायपालिकाओं के बीच संवाद और न्याय प्रदान करने, अंतरराष्ट्रीय विवाद समाधान, प्रौद्योगिकी तथा टिकाऊ विकास से जुड़े समकालीन मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक अवसर प्रदान करेगा।’’

शीर्ष अदालत ने कहा, ‘‘मंच के तहत होने वाली द्विपक्षीय बैठकों के हिस्से के रूप में भारत के प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत उद्घाटन दिवस पर न्यायिक प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।’’

उच्चतम न्यायालय ने कहा कि मुख्य सत्र में चार प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा की जाएगी। इनमें मध्यस्थता और अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक विवाद, मध्यस्थता फैसलों को देशों की सीमाओं के पार लागू करना, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और न्यायपालिका तथा न्यायिक नेतृत्व एवं टिकाऊ विकास शामिल हैं।

प्रधान न्यायाधीश से जिन न्यायिक नेताओं की मुलाकात होने वाली है, उनमें रूसी संघ के उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश इगोर क्रास्नोव, चीन के प्रधान न्यायाधीश और सर्वोच्च जन न्यायालय के अध्यक्ष झांग जुन, मिस्र के सर्वोच्च संवैधानिक न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश बाउलोस गहमी इस्कंदर बाउलोस और इंडोनेशिया के उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश सुनार्टो शामिल हैं।

बयान में कहा गया है कि उद्घाटन दिवस के कार्यक्रमों के तहत प्रधान न्यायाधीश रूस, चीन, मिस्र, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, बेलारूस, कजाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, ईरान और उज्बेकिस्तान से आए न्यायिक प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

दूसरे दिन ब्रिक्स सदस्य देशों और साझेदार देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख मंच को संबोधित करेंगे और न्यायिक संस्थानों से जुड़े साझा हितों के मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।

भाषा आशीष नरेश

नरेश