भारत-अमेरिका व्यापार समझौता : सिद्धरमैया ने किसानों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी से किया सवाल
भारत-अमेरिका व्यापार समझौता : सिद्धरमैया ने किसानों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी से किया सवाल
बेंगलुरु, 15 फरवरी (भाषा) भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के प्रभाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जवाब मांगते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को कहा कि देश के किसान ‘सौदेबाजी के मोहरे नहीं, बल्कि राष्ट्र की जीवनरेखा हैं’।
उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे ‘भारत के हितों से समझौता न करें, राजनीतिक लाभ के लिए किसानों का सौदा न करें अथवा विदेशी दबाव के आगे न झुकें।’
मुख्यमंत्री की ये टिप्पणी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में आई, जिससे व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार पर विपक्ष का हमला और तेज हो गया है।
सिद्धरमैया ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कई सवाल पूछते हुए दावा किया कि भारतीय किसानों के साथ ‘धोखा’ किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का हमारे किसानों, दुग्ध उद्योग, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रणाली और भारत की दीर्घकालिक कृषि स्वतंत्रता पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में राहुल गांधी द्वारा उठाई गई चिंताओं का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्पष्ट और ईमानदार जवाब दिया जाना चाहिए। ’’
उन्होंने कहा कि यदि यह समझौता अनियंत्रित आनुवंशिक रूप से उत्पादित वस्तुओं के आयात की अनुमति देता है, सुरक्षा उपायों को कमजोर करता है, या बिना सुरक्षा के धीरे-धीरे अधिक फसलों की खेती की अनुमति देता है, तो इससे कर्नाटक सहित पूरे देश के किसानों को सीधे तौर पर नुकसान होगा।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारत के हितों को मत बेचिए। राजनीतिक मजबूरियों के लिए हमारे किसानों का सौदा मत कीजिए। विदेशी दबाव के आगे मत झुकिए। हमारे किसान सौदेबाजी की वस्तु नहीं हैं, वे इस राष्ट्र की जीवनरेखा हैं।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप
दिलीप

Facebook


