स्पेसएक्स के रॉकेट से भारतीय स्टार्टअप के ‘दृष्टि’ उपग्रह का प्रक्षेपण किया गया
स्पेसएक्स के रॉकेट से भारतीय स्टार्टअप के ‘दृष्टि’ उपग्रह का प्रक्षेपण किया गया
नयी दिल्ली, तीन मई (भाषा) ‘स्पेसएक्स’ ने रविवार को कैलिफॉर्निया से फाल्कन 9 रॉकेट के जरिये बेंगलुरु आधारित स्टार्ट-अप ‘गैलेक्सआई’ के मिशन दृष्टि उपग्रह का प्रक्षेपण किया।
कंपनी के अनुसार, मिशन दृष्टि दुनिया का पहला ‘ऑप्टोएसएआर’ उपग्रह है, जिसमें ‘इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल’ (ईओ) और ‘सिंथेटिक अपर्चर रडार’ (एसएआर) सेंसर को एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ा गया है।
ईओ सेंसर धूप और साफ मौसम में ‘हाई-रेजोल्यूशन’ तस्वीरें लेते हैं जबकि एसएआर सेंसर ‘रडार पल्स’ के जरिए हर मौसम और हर समय तस्वीरें उपलब्ध कराते हैं।
कंपनी के संस्थापक और सीईओ सुयश सिंह ने एक बयान में कहा, “मिशन दृष्टि के सफलतापूर्वक कक्षा में पहुंचने के बाद हमारा ध्यान इसकी कमीशनिंग को पूरा करने पर है। इस चरण के दौरान हम अपने ऑप्टोएसएआर पेलोड से मिलने वाले अलग तरह के डेटा को लेकर दुनियाभर में खासी रुचि देख रहे हैं।”
कंपनी ने कहा कि यह उपग्रह पारंपरिक प्रणालियों की सीमाओं से आगे जाने में मदद करेगा और विभिन्न पर्यावरणीय परिस्थितियों में अधिक विश्वसनीय व निरंतर डेटा उपलब्ध कराएगा।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


