इनलो ने मादक पदार्थों, अपराध और बेरोजगारी को लेकर हरियाणा सरकार पर साधा हमला

इनलो ने मादक पदार्थों, अपराध और बेरोजगारी को लेकर हरियाणा सरकार पर साधा हमला

इनलो ने मादक पदार्थों, अपराध और बेरोजगारी को लेकर हरियाणा सरकार पर साधा हमला
Modified Date: September 29, 2026 / 07:41 pm IST
Published Date: September 29, 2026 7:41 pm IST

चंडीगढ़, 29 सितंबर (भाषा) इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने मंगलवार को मादक पदार्थों, अपराध, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों को लेकर हरियाणा की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

इनेलो के संरक्षक संपत सिंह और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख रामपाल माजरा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि हरियाणा की जनता भाजपा सरकार से ‘बेहद असंतुष्ट’ है।

नेताओं ने राज्य में कांग्रेस के शासनकाल का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि उस समय किसानों की जमीनों को बहुत कम दाम पर ‘छीन’ लिया गया था।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई है, बेरोजगारी और नशे की समस्या बढ़ गई है जबकि किसान विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

संपत सिंह ने कहा कि भाजपा ने हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा किया था और इमारतें भी बन रही हैं लेकिन उन्हें चलाने के लिए चिकित्सक या कर्मचारी नहीं हैं।

उन्होंने रोजगार के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए जिसमें यह बताया जाए कि कितने रिक्त पदों की घोषणा की गई थी और असल में कितनी नौकरियां दी गईं।

इनेलो नेताओं ने कहा कि राज्य में नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है और मादक पदार्थों के तस्करों ने यहां अपने पैर मजबूती से जमा लिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध में भी इजाफा हो रहा है जबकि गोलीबारी और रंगदारी मांगे जाने की घटनाएं अब आम हो चुकी हैं।

इनेलो नेताओं ने कहा कि पूरा राज्य ‘नशे और अपराध की गिरफ्त’ में आ चुका है।

दोनों नेताओं ने कहा कि हरियाणा की जनता की मनोदशा का अंदाजा पूर्व उप प्रधानमंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल की 113वीं जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को नूंह में आयोजित ‘सम्मान दिवस’ रैली में लोगों की भारी भागीदारी से लगाया जा सकता है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में