बेंगलुरु, 25 मार्च (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बुधवार को कहा कि बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में 28 मार्च को होने वाले पहले आईपीएल मैच के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पुलिस, अधिकारियों तथा स्टेडियम का प्रबंधन करने वाली केएससीए को निर्देश दे दिए गए हैं कि कोई अप्रिय घटना न हो।
परमेश्वर ने पिछले साल चार जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की आईपीएल जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में मारे गए लोगों के सम्मान में स्टेडियम में एक स्मारक पट्टिका स्थापित करने के लिए केएससीए की प्रशंसा भी की।
स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में ग्यारह लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे ।
परमेश्वर ने कहा, ‘सरकार ने 28 मार्च को मैच आयोजित करने की अनुमति दे दी है। केएससीए द्वारा सभी आवश्यक सुधार कर दिए गए हैं। पुलिस, ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण और अन्य विभागों के अधिकारियों से मिलकर बनी सरकार द्वारा गठित समिति केएससीए द्वारा लागू किए गए उपायों से संतुष्ट है।’
यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस, केएससीए और आरसीबी ने 28 मार्च को यहां होने वाले आईपीएल के उद्घाटन मैच के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उन्होंने कहा, ‘अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं और वे भी इससे सहमत हैं।’
भाषा
शुभम रंजन
रंजन