सुरक्षा बलों ने मणिपुर के उखरुल में छह अवैध बंकरों को नष्ट किया

Ads

सुरक्षा बलों ने मणिपुर के उखरुल में छह अवैध बंकरों को नष्ट किया

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 09:57 AM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 09:57 AM IST

इंफाल, 26 मार्च (भाषा) सुरक्षा बलों ने मणिपुर के उखरुल जिले में हथियारबंद समूहों द्वारा निर्मित छह अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

लिटान क्षेत्र में हथियारबंद समूहों के बीच हाल में हुई गोलीबारी में इन बंकरों का इस्तेमाल किया गया था। गोलीबारी की घटना में कम से कम तीन लोग घायल हो गए थे।

पुलिस के एक बयान में कहा गया है, ‘‘कल से शुरू हुए सुरक्षा बलों के अभियान के क्रम में बुधवार को लिटान और मोंगकट चेपु अपर ग्राम क्षेत्रों में अवैध रूप से निर्मित छह बंकरों को ध्वस्त कर दिया गया।’’

इस अभियान के बाद हिंसा प्रभावित लिटान में अधिकतर बंकर निष्प्रभावी हो गए हैं। बयान में कहा गया है कि सुरक्षा बल सतर्क हैं और क्षेत्र में हिंसा बढ़ने से रोकने के लिए सैनिकों को रणनीतिक रूप से तैनात किया गया है।

यह घटनाक्रम लिटान सारेइखोंग के पास कुकी समुदाय के लोगों और तंगखुल नगा ग्रामीणों के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर सामने आया है जहां फरवरी में हुई झड़पों में 30 से अधिक घर जला दिए गए थे।

तब से, मोंगकोट चेपु और शार्काफुंग सहित आसपास के गांवों में हथियारबंद लोगों के बीच गोलीबारी की कई घटनाएं देखी गई हैं।

मंगलवार को पड़ोसी कामजोंग जिले के शार्काफुंग में गोलीबारी में तंगखुल नगा समुदाय के दो व्यक्ति घायल हो गए जबकि सोमवार को मोंगकोट चेपु में कुकी समुदाय की एक महिला घायल हो गई।

पुलिस ने बताया कि सुरक्षाबलों ने सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू किया है।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना