गुरुग्राम विवि में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
गुरुग्राम विवि में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
गुरुग्राम (हरियाणा), 21 मार्च (भाषा) गुरुग्राम विश्वविद्यालय में शनिवार को ‘स्वास्थ्य, पर्यावरण और स्थिरता में उभरते रुझान’ विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत हुई।
पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मेलन में भारत और अन्य देशों के 500 से अधिक शोधार्थी, संकाय सदस्य, छात्र और प्रमुख अधिकारी शामिल हुए।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक जैव विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में 154 शोध पत्र प्राप्त हुए, जो इस विषय में बढ़ती वैश्विक रुचि और जागरूकता को दर्शाते हैं।
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि थे। इस सत्र की अध्यक्षता गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय कौशिक ने की।
नरबीर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि गुरुग्राम विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह ‘प्लास्टिक-मुक्त’ सम्मेलन प्रेरणादायक है।
मंत्री ने कहा, “युवा शोधकर्ता और छात्र अपने विचारों को जमीन पर उतारें तो पर्यावरण संरक्षण के अग्रदूत बन सकते हैं। शोध और नवाचार तभी सार्थक होंगे जब वे आम लोगों को लभान्वित करें।’’
भाषा
शुभम धीरज
धीरज

Facebook


