पश्चिम एशिया में टकराव से मंगलुरु में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित

पश्चिम एशिया में टकराव से मंगलुरु में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित

पश्चिम एशिया में टकराव से मंगलुरु में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित
Modified Date: February 28, 2026 / 09:16 pm IST
Published Date: February 28, 2026 9:16 pm IST

मंगलुरु (कर्नाटक), 28 फरवरी (भाषा) बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच ईरान सहित पश्चिम एशिया के कई हिस्सों में हवाई पट्टियों के अस्थायी रूप से बंद होने के कारण शनिवार को मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुईं।

हवाईअड्डे ने शनिवार को यात्रियों को जारी एक परामर्श में कहा कि ईरान, इराक और इजराइल समेत विभिन्न देशों द्वारा असैन्य हवाई यातायात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद खाड़ी देशों के लिए कई उड़ान सेवाएं निरस्त कर दी गईं या प्रभावित हुईं।

हवाईअड्डे के मुताबिक, ईरानी हवाई क्षेत्र के बंद होने का मंगलुरु से और मंगलुरु के लिए उड़ानों पर सीधा असर पड़ा है।

हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि दुबई के लिए एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान यहां से रवाना होने के थोड़ी देर बाद ही वापस लौट आया और बाद में इसे अपराह्न तीन बजे निरस्त कर दिया गया और सभी 174 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों को विमान से उतार लिया गया।

इसी तरह, मंगलुरु से दुबई के लिए इंडिगो की भी उड़ान निरस्त कर दी गई। वहीं दोहा और दुबई से एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों समेत दुबई, दमन, कुवैत और अबू धाबी के लिए कई अन्य उड़ानों को रद्द कर दिया गया।

अंतरराष्ट्रीय मार्गों विशेषकर दुबई, अबुधाबी, दोहा, कुवैत और दमन के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को हवाईअड्डा आने से पूर्व अपनी विमानन कंपनियों से उड़ानों के बारे में जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

एअर इंडिया, एअर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो समेत प्रमुख भारतीय विमानन कंपनियों ने परामर्श जारी किए हैं।

मंगलुरु हवाईअड्डा पश्चिम एशियाई क्षेत्र के लिए नियमित आधार पर 12 उड़ानों का रखरखाव करता है। मंगलुरु, उडुपि, भटकल और कासरगोड से यात्री इस हवाईअड्डे से पश्चिम एशियाई देशों की यात्रा करते हैं।

भाषा सं राजेंद्र सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में