बीरभूम में नकदी बरामदगी मामले की जांच तेज, फरार पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल का घर सील

Ads

बीरभूम में नकदी बरामदगी मामले की जांच तेज, फरार पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल का घर सील

  •  
  • Publish Date - July 31, 2026 / 03:02 PM IST,
    Updated On - July 31, 2026 / 03:02 PM IST

कोलकाता, 31 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस ने बीरभूम के फरार पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल के आवास की तलाशी के बाद उसे सील कर दिया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यह कार्रवाई मंडल के करीबी रिश्तेदार के घर से करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी और सोना बरामद होने के बाद जांच का दायरा बढ़ाए जाने के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को सूरी के सुभाषपल्ली स्थित टुल्लू मंडल के आवास और एक अन्य घर में दिनभर तलाशी अभियान चलाया और मध्यरात्रि के करीब में वहां से रवाना हुई।

पुलिस के अनुसार, परिसर को सील कर दिया गया है। तलाशी के दौरान टुल्लू मंडल या उसके परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था।

इस संबंध में उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तलाशी में मंडल के घर से कुछ लाख रुपये नकद, करीब 250 ग्राम सोना, 900 ग्राम चांदी और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

मोहम्मद नजीबुद्दीन उर्फ टुल्लू मंडल को बीरभूम के पूर्व प्रभावशाली नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। पुलिस का आरोप है कि ये संपत्तियां सरकारी राजस्व की चोरी से अर्जित धन से बनाई गई थीं।

पुलिस ने बताया कि जांच में जमीन पर अवैध कब्जे, जबरन वसूली और पत्थर तथा रेत खनन कारोबार में कथित अनियमितताओं के आरोपों की भी जांच की जाएगी।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को टुल्लू मंडल के करीबी रिश्तेदार और प्रबंधक मीनार मंडल के घर पर भी तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान उसे भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, मीनार के देउचा गांव स्थित दो मंजिला मकान से 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया गया। बरामद सोने की मौजूदा बाजार कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, टुल्लू मंडल का बीरभूम के पत्थर खनन कारोबार में बड़ा हित है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उसे ‘‘रेत माफिया’’ संचालक करार दिया है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश