आईआरएस अधिकारी की बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या: आरोपी के खिलाफ 973 पृष्ठों का आरोप पत्र दाखिल

Ads

आईआरएस अधिकारी की बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या: आरोपी के खिलाफ 973 पृष्ठों का आरोप पत्र दाखिल

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 12:50 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 12:50 PM IST

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत में 973 पृष्ठों का आरोप पत्र दाखिल किया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि आरोपी घर में पहले घरेलू सहायक के तौर पर काम करता था और वित्तीय कदाचार के कारण इस साल फरवरी में उसे नौकरी से निकाला गया था। मीणा को यह पता था कि घर की चाबियां और उक्त कमरे की दूसरी चाबी कहां रखी रहती है। उसने 22 अप्रैल की सुबह इसी जानकारी का इस्तेमाल करके घर में प्रवेश किया और पीड़िता का बलात्कार किया। घटना के वक्त पीड़िता घर पर अकेली थी।

सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) स्नातक पीड़िता को उसके माता-पिता ने सुबह करीब आठ बजे जिम से लौटने पर जख्मी पाया और उसे पास के एक अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था।

आरोप पत्र के अनुसार, मीणा ने युवती से कथित तौर पर दुष्कर्म किया और पैसे की उसकी मांग का विरोध करने पर मोबाइल फोन की चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद उसने लगभग दो से ढाई लाख रुपये नकद चुरा लिए। फिर उसने पीड़िता के भाई के कपड़े पहन लिए और मौके से फरार हो गया।

सूत्रों ने कहा कि आरोप पत्र में उल्लेख किया गया है कि अपराध स्थल से बरामद उंगलियों, हथेलियों और अंगूठे के निशान आरोपी से मेल खाते हैं और उसका डीएनए पीड़िता के शरीर से एकत्र किए गए नमूनों से मेल खाता है। पुलिस ने घटनाओं के क्रम को स्थापित करने के लिए 82 गवाहों को सूचीबद्ध किया है।

सीसीटीवी फुटेज में मीणा को सुबह 6:30 बजे आवासीय परिसर में प्रवेश करते और 7:20 बजे बाहर निकलते देखे जाने के बाद उसी शाम उसे द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मीणा को जुए की लत थी और ऑनलाइन गेमिंग ऐप्लिकेशन के कारण उस पर पांच से सात लाख रुपये का कर्ज था।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर जांच अधिकारियों को बताया कि वह घर ‘‘सिर्फ पैसे मांगने’’ गया था और यह अपराध ‘‘बस हो गया’’।

पीड़िता के पिता एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी हैं और उसकी मां एक दंत चिकित्सक हैं।

भाषा नोमान सुरभि

सुरभि