अगले 25 वर्ष में विकसित भारत बनाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य: कर्नाटक के राज्यपाल

Ads

अगले 25 वर्ष में विकसित भारत बनाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य: कर्नाटक के राज्यपाल

  •  
  • Publish Date - January 26, 2023 / 03:52 PM IST,
    Updated On - January 26, 2023 / 03:52 PM IST

(फोटो के साथ)

बेंगलुरु, 26 जनवरी (भाषा) कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक सम्मानजनक और विकसित भारत बनाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और इसके निर्वहन से देश अगले 25 वर्ष में ‘‘पूरी दुनिया का सिरमौर’’ बन जाएगा।

उन्होंने 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनता से एकजुट होने तथा कर्नाटक को स्वस्थ और समृद्ध बनाने का आह्वान किया।

गहलोत ने कहा, ‘‘अमृतकाल के स्वर्णिम कालखंड के अगले 25 साल में हमारा कर्तव्य है कि एक सम्मानजनक और विकसित भारत का निर्माण करें, जो हमारे देश को पूरी दुनिया का सिरमौर बनाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि आप सभी न केवल सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे, बल्कि सभी को हमारे देश की प्रगति में उनके योगदान के लिए प्रेरित भी करेंगे।’’

गहलोत यहां मानेकशॉ परेड ग्राउंड में गार्ड ऑफ ऑनर के निरीक्षण और तिरंगा फहराने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे।

समारोह में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, अनेक कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों ने भाग लिया।

कर्नाटक को देश के प्रगतिशील राज्यों में शामिल बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि ताजा सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की भारत सूचकांक रिपोर्ट 2020-21 के अनुसार कर्नाटक चौथे स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक देश का पहला राज्य है जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू किया है और राज्य में सात नये मान्यताप्राप्त विश्वविद्यालय स्थापित कर रहा है।

भाषा वैभव पवनेश

पवनेश