अरुणाचल में पिकनिक के दौरान नदी में बहा आईटीबीपी कर्मी का बेटा, तलाश जारी
अरुणाचल में पिकनिक के दौरान नदी में बहा आईटीबीपी कर्मी का बेटा, तलाश जारी
ईटानगर, तीन मई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम सियांग जिले में रविवार को पिकनिक मनाने के दौरान भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक कर्मी का 17 वर्षीय बेटा योमगो नदी में बह गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि तलाश अभियान शुरू किया गया है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चला ।
पुलिस के अनुसार बचावकर्मियों को आशंका है कि वह डूब गया है।
आलो थाने के उपनिरीक्षक मंथन चिथन ने बताया कि यह घटना दोपहर में उस समय हुई जब 10 नाबालिगों का एक समूह बेने के पास पिकनिक मनाने गया था।
उन्होंने कहा कि लापता किशोर की पहचान प्रतीशमेश बसवाकर के रूप में हुई है, जो आलो के गुमीनगर स्थित आईटीबीपी शिविर में रहता था। उसके पिता राहुल बसवाकर आईटीबीपी कर्मी हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि समूह के पांच सदस्य हाथ पकड़कर वीडियो बनाने के लिए नदी किनारे पहुंचे तथा जब वे पानी में उतरे तो तेज धारा के कारण प्रतीशमेश बह गया।
उन्होंने कहा कि आईटीबीपी कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से बड़े पैमाने पर खोज अभियान चलाया गया, लेकिन रविवार देर शाम तक किशोर का पता नहीं चल सका।
किशोर की तलाश के प्रयास सोमवार को भी जारी रहने की संभावना है। पुलिस के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के कारण योमगो समेत अधिकांश नदियां उफान पर हैं, जिससे तलाश अभियान में कठिनाई आ रही है।
भाषा रवि कांत रवि कांत राजकुमार
राजकुमार

Facebook


