जयपुर में एक अपनी कार की छत पर चढ़ा युवक, धूम्रपान उत्पादों पर प्रतिबंध की मांग करते हुए नारे लगाए
जयपुर में एक अपनी कार की छत पर चढ़ा युवक, धूम्रपान उत्पादों पर प्रतिबंध की मांग करते हुए नारे लगाए
जयपुर, 16 मार्च (भाषा) जयपुर के बड़ी चौपड़ इलाके में सोमवार को एक युवक बीच सड़क पर अपनी कार की छत पर चढ़ गया और फिर बीड़ी व सिगरेट पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगा।
पुलिस ने बताया कि युवक की पहचान वरुण जौहरी के रूप में हुई है।
जौहरी प्लास्टिक के दो कट्टों में बड़ी मात्रा में बीड़ी और सिगरेट लेकर बड़ी चौपड़ पहुंचा और फिर कार की छत पर खड़े होकर तंबाकू उत्पादों के खिलाफ नारेबाजी की।
यह देख लोग वहां इकट्ठा हो गए जिससे यातायात जाम हो गया और थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ समय तक कार की छत पर खड़े रहकर हंगामा करता रहा।
आखिरकार दो पुलिसकर्मी कार पर चढ़े और उसे नीचे उतारा। इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया।
माणक चौक थाने के प्रभारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि युवक को शांति भंग करने और यातायात बाधित करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि अजमेर रोड पर उसकी आभूषण की एक दुकान है।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब

Facebook


